-
Advertisement
मिड-डे मील कर्मियों को बड़ी राहत: अब 12 के बजाय 10 महीनों में मिलेगा 55 हजार रुपये का सालाना मानदेय
Mid-day Meal Workers: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत सेवाएं दे रहे कुक-कम-हेल्परों के मानदेय भुगतान को लेकर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने नई व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय के ताजा फैसले के अनुसार, अब इन कर्मचारियों को 55 हजार रुपये का सालाना मानदेय 12 महीनों के बजाय पहले की तरह 10 शैक्षणिक महीनों में ही दिया जाएगा। इस बदलाव के बाद प्रत्येक कुक-कम-हेल्पर को हर महीने 5,500 रुपये मानदेय के रूप में मिलेंगे।

24 सितंबर के आदेश तत्काल प्रभाव से वापस
स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से 27 नवंबर 2026 को प्रदेश के सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 24 सितंबर 2026 को जारी उन पुराने निर्देशों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है, जिनमें सालाना स्वीकृत 55 हजार रुपये की राशि को 10 के बजाय 12 समान मासिक किस्तों में बांटकर देने का प्रावधान किया गया था।
कर्मचारियों की मांग पर बहाल हुई पुरानी व्यवस्था
शिक्षा निदेशालय ने अपने नए आदेश में स्पष्ट किया है कि कुक-कम-हेल्परों की ओर से लगातार प्राप्त हो रही मांगों को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भुगतान व्यवस्था को फिर से बहाल किया जा रहा है। अब उन्हें 55 हजार रुपये का वार्षिक मानदेय 10 शैक्षणिक महीनों के दौरान ही जारी किया जाएगा, जिससे उन्हें प्रति माह 5,500 रुपये प्राप्त होंगे।
नए निर्देशों के अनुरूप ही मानदेय
निदेशालय ने प्रदेश के सभी ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) को इन नए निर्देशों के अनुरूप ही मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के लिए पत्र की प्रतिलिपि सभी जिला उपनिदेशकों (प्रारंभिक शिक्षा) को भी भेजी गई है। निदेशालय ने इस आदेश की सूचना मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन (सीटू) को भी प्रेषित कर दी है।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
