-
Advertisement
लालच पड़ा भारी 1.29 करोड़ साफ : विज्ञापन के झांसे में आकर रिटायर्ड अधिकारी ने गंवाई जीवनभर की पूंजी
Cyber Fraud: शिमला में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शातिरों ने गोल्ड ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग अधिकारी से 1.29 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना शिमला में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, शिमला निवासी एक बुजुर्ग ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश का तकनीकी प्रशिक्षण देने का दावा किया गया था। विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया। शुरुआत में ग्रुप के जरिए उन्हें निवेश के तरीके समझाए गए और गोल्ड ट्रेडिंग की सलाह दी गई। ठगों के जाल में फंसकर बुजुर्ग ने पहले 10 हजार रुपये का निवेश किया। कुछ ही दिनों में ठगों ने यह रकम बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी और पैसा बुजुर्ग के खाते में वापस भी भेज दिया। इससे बुजुर्ग का भरोसा पूरी तरह जम गया।
किस्तों में गंवाई जीवनभर की जमा पूंजी
मुनाफा मिलने के बाद बुजुर्ग ने ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में एक के बाद एक कई किस्तों में कुल 1.29 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद शातिरों ने भारत सहित वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट का हवाला देते हुए कहा कि निवेश में बड़ा नुकसान हो गया है। ठगों ने नुकसान की भरपाई करने का झांसा देकर बुजुर्ग से और पैसों की मांग की। इस पर पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में इससे पहले भी ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ चुके हैं।
एसपी, साइबर क्राइम अमित यादव के अनुसार गोल्ड में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लोगों से आग्रह है कि शेयर बाजार और गोल्ड ट्रेडिंग के लिए केवल सेबी (SEBI) से पंजीकृत प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के संपर्क में आकर अपनी जमा पूंजी जोखिम में न डालें।
अनु गुप्ता
