-
Advertisement
कांगड़ा में सनसनीखेज वारदात: कुत्ते को घुमा रहे पूर्व सैनिक को मारी गोली, आरोपी फरार
Himachal News: कांगड़ा जिले की बालकरूपी पंचायत में सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। रोजमर्रा की तरह सुबह करीब 7:30 बजे अपने कुत्ते को घुमाने निकले 58 वर्षीय पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह पर एक सिरफिरे ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली महेंद्र सिंह की टांग में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है।
बद्दी की फैक्टरी से जुड़ा है पुराना कनेक्शन
पुलिस की प्राथमिक जांच में इस वारदात को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश निवासी शत्रुघ्न के रूप में हुई है। आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे से पहले से परिचित थे। महेंद्र सिंह बद्दी स्थित एक निजी फैक्टरी में कार्यरत थे, जहाँ शत्रुघ्न भी उनके साथ काम करता था। मार्च के महीने में जब महेंद्र सिंह ने फैक्टरी की नौकरी छोड़ी थी, तब शत्रुघ्न ही उन्हें बद्दी से बालकरूपी स्थित उनके घर छोड़ने आया था। ऐसे में पुराने परिचित द्वारा इस तरह जानलेवा हमला करने से क्षेत्र में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जंगल की ओर भागा आरोपी, सर्च ऑपरेशन जारी
वारदात की सूचना मिलते ही आलमपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। पुलिस को आशंका है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद पास के जंगल की ओर भागा है। इस आधार पर पुलिस बल द्वारा इलाके में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। हमले की मुख्य वजह क्या थी और आरोपी किस इरादे से गाँव पहुँचा था, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।
रविंद्र कुमार
