-
Advertisement
सीएम सुक्खू का दिवाली गिफ्ट: कर्मचारियों को 5% डीए और क्लास-4 कर्मियों को मिलेंगे 10,000 रुपये अतिरिक्त
5% DA to Employees: दीपावली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के कर्मचारियों को 5 फीसदी महंगाई भत्ता (DA) देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, राज्य के क्लास-4 (चतुर्थ श्रेणी) कर्मचारियों को 10,000 रुपये अतिरिक्त देने का भी ऐलान किया गया है। DA इसी महीने की सैलरी में देय होगा। सरकार के इस फैसले से त्योहारी सीजन के दौरान कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
कर्मचारियों के लिए डीए और अतिरिक्त लाभ
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश की आर्थिकी, कर्मचारियों के हितों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई अहम ऐलान किए। दिवाली के अवसर पर राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देते हुए कुल 5 प्रतिशत डीए (महंगाई भत्ता) देने की घोषणा की है। सीएम सुक्खू ने कहा कि कर्मचारियों का 1 प्रतिशत डीए पहले का बचा हुआ था, और अब दिवाली के मौके पर 4 प्रतिशत अतिरिक्त डीए की घोषणा की जाती है। इस तरह कर्मचारियों को कुल 5 फीसदी डीए का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, क्लास-4 कर्मचारियों को 5% डीए के साथ 10,000 रुपये अतिरिक्त देने का भी ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसकी अधिसूचना आज ही जारी कर दी जाएगी। पुरानी पेंशन योजना (OPS) पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार कर्मचारियों को ओपीएस दे रही है और आगे भी देती रहेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हिमाचल को नंबर वन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और अगले 2-3 सालों में यह देश का नंबर वन राज्य बनेगा।
रोबोटिक सर्जरी: आईजीएमसी (शिमला), टांडा, नेरचौक और हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू कर दी गई है, जिसके तहत अब तक 600 से 700 सफल सर्जरी हो चुकी हैं। वर्तमान में यह सुविधा मात्र 30,000 रुपये में दी जा रही है, हालांकि अब इसके खर्च में मामूली बढ़ोतरी की जा रही है।
अत्याधुनिक मशीनरी: मरीजों को सहूलियत देने और समय पर बीमारी का पता लगाने के लिए मेडिकल कॉलेजों में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई टेस्ला मशीनें स्थापित कर दी गई हैं।
एम्स दिल्ली की तर्ज पर ऑटोमेशन लैब: एम्स दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल में भी लगभग 28 से 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑटोमेशन लैब स्थापित की जाएगी।
स्टाफ की भर्ती और पीजी सीटें: सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ नर्सों के 1,000 पद भरे हैं और रेडियोग्राफर के सभी पद भर दिए गए हैं। 31 मार्च 2027 तक मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध करा दिया जाएगा।
इसके अलावा, प्रदेश में पीजी (Post Graduation) की सीटें 277 से बढ़ाकर केंद्र के सहयोग से 597 कर दी गई हैं।पैरामेडिकल कॉलेज और सीनियर रेजिडेंट्स: हमीरपुर में देश का पहला पैरामेडिकल कॉलेज शुरू किया गया है, जिसका पहला बैच वर्ष 2028 में आएगा। इसके साथ ही सीनियर रेजिडेंट्स (SR Ship) का मानदेय 65,000 रुपये से बढ़ाकर 1,20,000 रुपये कर दिया गया है।
संजू चौधरी
