-
Advertisement
चावल से लोड ट्रक पलटा, चपेट में आईं दो कारें व एक बाइक
नाहन। नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर शहर से महज दो किलोमीटर की दूरी पर बिरोजा फैक्टरी के समीप चावल से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसा रात करीब 12 बजे पेश आया। ट्रक के पलटते ही सड़क किनारे पार्क दो कारें और एक मोटरसाइकिल भी चपेट में आ गई। एलपी ट्रक रात में हरियाणा से चावल लेकर शिमला की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस बीच एक कार को पास देते हुए उतराई में लोड ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
यहां सड़क के किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे बुरी तरह कुचली गई, जबकि दो कारें भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की जानकारी स्थानीय युवक ने गुन्नूघाट पुलिस चौकी को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक चालक मौके पर नहीं मिला है। उधर, एएसपी सोमदत्त ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

