-
Advertisement
Lockdown ने ऐसी तोड़ी कमर कि रेहड़ी पर फल बेचने को मजबूर हुआ फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का एक्टर
नई दिल्ली। भारत में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच पूरे देश को 17 मई तक के लिए लॉकडाउन (Lockdown) पर रखा गया है। इस दौरान डेली वेजेस पर काम करने वाले मजदूरों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस लॉकडाउन का प्रभाव डेली वेजेस के आधार पर फिल्मों और टीवी सीरियल्स में काम करने वाले अभिनेताओं पर भी पड़ रहा है। फिल्मों में काम करने वाले एक एक्टर के लिए हालात ऐसे बन गए कि उसको ठेले पर फल बेचना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार कुछ फिल्मों में छोटे मोटे रोल करने वाले अभिनेता सोलंकी दिवाकर (Soalanki Diwakar) को अपना पेट पालने के लिए रेहड़ी लगाकर फल बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा है। सोलंकी दिवाकर ने ड्रीम गर्ल (Dream Girl) से लेकर सोनचिरैया तक कई फिल्मों में ढेरों किरदार निभाए हैं।
कोरोना संकट समाप्त होने और अच्छे दिन की आस लगाए बैठे सोलंकी ने बताया कि मैं अपने घर से बाहर कदम नहीं रखना चाहता लेकिन मैं असहाय हूं। पुलिस द्वारा परेशान किए जाने के जोखिम के साथ, दिवाकर ओखला मंडी जाते हैं और बड़ी कठिनाई से किसी तरह वहां से कुछ फल लाकर उन्हें मालवीय नगर में बेचकर उनका गुजारा करते हैं। एक्टर ने बताया कि मुझे लगता था कि जब तक चीजें बेहतर नहीं हो जातीं, मैं बाहर नहीं जाऊंगा। मुख्य रूप से बच्चों के कारण। लेकिन अब सेविंग्स ख़त्म होने के बाद मुझे अपना और परिवार का पेट पालने के लिए यह काम करना पड़ रहा है। सोलंकी का कहना है कि उन्होंने कई सब्जियों और फलों के विक्रेताओं की गाड़ियों को पलटते और क्षतिग्रस्त करते हुए पुलिसकर्मियों के वीडियो देखे हैं। उसे लगता है कि यह अनुचित है और पुलिसकर्मी गरीबों के प्रति संवेदनशील नहीं हैं। बकौल सोलंकी वे यह नहीं समझते कि हम अपने घर कैसे चला रहे हैं। हम रोज कमाते हैं खाने के लिए। हमें नहीं पता कि कल कोई भोजन होगा या नहीं।
