-
Advertisement
अलायंस की उड़ान रद्द, गगल में मुंबई के यात्रियों का भारी हंगामा
कांगड़ा। यहां से चंडीगढ़ (Chandigarh) जाने वाली अलायंस एयर (Alliance Air) की फ्लाइट अचानक रद्द होने और विमान कंपनी के असहयोगपूर्ण व्यवहार से नाराज मुंबई के कुछ यात्रियों ने बुधवार को यहां बखेड़ा खड़ा कर दिया। विमान कंपनी ने पहले तो यात्रियों को किसी और विमान सेवा से जाने को कहा। लेकिन यात्रियों ने उनकी एक नहीं सुनी। आखिरकार काफी हंगामे के बाद यात्रियों को अलायंस एयर की ही दूसरी विमान सेवा से दिल्ली (Delhi) भेजा गया।
यात्रियों ने बताया कि उन्हें गगल एयरपोर्ट (Gagal Airport) से चंडीगढ़ और वहां से कनेक्टेड फ्लाइट से मुंबई जाना था, लेकिन एलायंस एयर के विमान सेवा अचानक रद्द हो गई। उन्होंने एलायंस एयर विमान सेवा पर परेशान करने का आरोप लगाया। यात्रियों का कहना था कि दूसरी कंपनी की विमान सेवा में जाने पर उन्हें 4000 रुपये प्रति यात्री के हिसाब से ज्यादा खर्च हो रहे हैं। यात्री एलायंस एयर कंपनी से इस बढ़ी हुई रकम मांग रहे थे। उधर, अलायंस एयर के प्रबंधक मिलन गुरुंग ने बताया कि संचालन संबंधी कारणों से विमान दिल्ली से ही नहीं आया। उन्होंने बताया कि नाराज यात्रियों को अलायंस एयर की दूसरी उड़ान से दिल्ली भेजा गया है।
