-
Advertisement
आईटीआई शाहपुर में लघु रोजगार मेला 31 को, ऊना में 100 पदों के लिए साक्षात्कार
Himachal Jobs: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कांगड़ा के शाहपुर में लघु रोज़गार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा ऊना में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के पदों के लिए साक्षात्कार होंगे। धर्मशाला के क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि 31 मार्च 2026 को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, शाहपुर में लघु रोज़गार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस लघु रोज़गार मेले में मैसर्ज हीरो मोटर कंपनी लुधियाना द्वारा महिला एवं पुरूष के 55 पद भरे जाएंगे, चयनित उम्मीदवार को 18 हजार 500 से 22 हजार 500 रुपये प्रतिमाह के वेतन के साथ ही कैंटीन व यातायात सुविधा प्रदान की जायेगी। इसके अतिरिक्त मैसर्ज वीएमटी स्पिनिंग मिल्स बद्दी द्वारा महिला एवं पुरुष के 100 पद हेतु साक्षात्कार लिया जाएगा और चयनित उम्मीदवार को 12 हजार 750 से 14 हजार 602 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ ही कैंटीन व यातायात सुविधा भी दी जाएगी।
17 हजार 500 से 23 हजार 500 रुपये वेतन
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त मैसर्ज एमआईएएस इंडिया लिमिटेड हमीरपुर द्वारा भी केवल पुरुष उम्मीदवारों के 100 पदों के लिए साक्षात्कार लिया जायेगा। चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 17 हजार 500 से 23 हजार 500 रुपये वेतन के साथ कैंटीन और यातायात सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की कॉपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 31 मार्च को आईटीआई शाहपुर में साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।
बंगाणा में 28 और हरोली में 30 को साक्षात्कार
सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा पुरुष वर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 28 मार्च को सुबह 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय बंगाणा और 30 मार्च को उप रोजगार कार्यालय हरोली में आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष और वेतन 17,500 से 23 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने की ट्रेनिंग के उपरांत अभ्यर्थियों की नियुक्ति एटीएम, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल सहित अन्य संस्थानों में की जाएगी।उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। प्रमाण पत्र मूल रूप से प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 85580-62252 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

