- Advertisement -
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) का आजादी पर दिए गए बयान का मामला अभी तक शांत नहीं हुआ है। इस मामले में कंगना के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में कई सारी शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। हाल ही में मुंबई में कंगना के बयान के खिलाफ एक शिकायत दर्ज की गई है।
बता दें कि मुंबई कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी भरत सिंह ने आजादी पर दिए गए बयान के खिलाफ 28 दिसंबर, 2021 को कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि कंगना ने बहुत पहले एक विवादित बयान दिया था, जिसके बाद कंगना को बहुत आलोचना झेलनी पड़ी थी। वहीं, अब इतने दिन बाद फिर इस मामले को उठाया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि कंगना रनौत का ये गैर जिम्मेदाराना बयान इंटरव्यू के जरिये विश्व भर में गया था और इस बयान ने भारतीय नागरिकों, महान पूर्व स्वतंत्रता सेनानियों, नायकों और पूर्व नेताओं की राष्ट्रीय गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाई है। वहीं, लगातार हो रहे विवाद के बीच कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी लगा कर अपने बयान को सही बताया। उन्होंने लिखा है कि वह अपना पद्मश्री सम्मान वापस कर देंगी अगर कोई उन्हें ये बताएगा कि 1947 में क्या हुआ था? कंगना के ये बयान उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। हालांकि, कंगना अपने बयान पर टिकी हुई हैं।
विवादित बयान में कंगना रनौत ने कहा था कि हमें भीख में आजादी मिली है। जिसके बाद कंगना की काफी आलोचना की गई और इस बयान पर काफी विवाद भी हुआ। जबकि कुछ जगहों पर तो उन पर एफआईआर (FIR) भी दर्ज करवाई गई। कई राजनीतिक दलों का कहना है कि कंगना रनौत पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाए।
कुछ दिन पहले कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम के माध्यम से बताया था कि पंजाब में किसानों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया था। किसानों की ये शिकायत थी कि कंगना ने पंजाब के किसानों को खालिस्तानी बताया है।
- Advertisement -