-
Advertisement
सत्ती का तंज: जो सरकार कैबिनेट विस्तार नहीं कर पा रही, उससे क्या उम्मीद करें?
Last Updated on October 27, 2023 by Soumitra Roy
शिमला। हिमाचल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती (Una Sadar MLA Satpal Singh Satti) ने सुक्खू सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने शुक्रवार को यहां कहा कि जो सरकार कैबिनेट विस्तार (Cabinet Expansion) नहीं कर पा रही है, उससे कैसे कोई उम्मीद कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान और शिमला के बीच समन्वय नहीं है। इसी वजह से मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में तो सिर्फ 15 फीसदी विधायक ही मंत्री बन सकते हैं और सीएम उन्हें भी मंत्री नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार न होने से प्रदेश में विकास कार्य (Development Works) प्रभावित हो रहे हैं। सीएम के पास खुद इतने विभाग हैं, कि वे काम पर भी ध्यान नहीं दे पा रहे हैं।
कैबिनेट में है क्षेत्रीय असंतुलन
सत्ती ने कहा कि मंत्रिमंडल में भारी क्षेत्रीय असंतुलन (Regional Imbalance) है। सबसे बड़े जिले कांगड़ा से सिर्फ एक ही मंत्री बनाया गया है। बिलासपुर से तो कोई मंत्री मिला ही नहीं। एक मंत्री के पास चार से पांच विभाग हैं। ऐसे में मंत्री सही तरीके से काम भी नहीं कर पा रहे। मंत्रिमंडल विस्तार सीएम का अधिकार क्षेत्र है। ऐसे में उन्हें जल्द से जल्द यह काम पूरा कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्य संसदीय सचिवों (CPS) की कुर्सी पर भी खतरा मंडरा रहा है। कभी भी उनकी कुर्सी जा सकती है।