-
Advertisement
बिलासपुर में फटा बादलः भगौट गांव में भारी तबाही, भटेड पुल के पास सड़क टूटी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में मानसून कहर बरपा रहा है। कुल्लू में तबाही मचाने के बाद अब मौसम ने बिलासपुर में कहर बरपाया है। जिले के कुह मझवाड़ पंचायत के भगौट गांव में बादल फटने से आधी रात को तबाही मची है। बादल फटने के बाद पणगेल नाले में एकाएक भारी मात्रा में मलबे के रूप में पत्थर और मिटटी, पेड़ पानी के साथ बह कर आना शुरू हो गए। तीन बजे के करीब भगौट गांव में तीन परिवारों के घरों, पशुशालाओं को नुकसान पहुंचा है। इस आपदा में तीन भाईयों के मकानों को नुकसान पहुंचा है और रसोईघर, पशुशाला, पक्के मकान के लगभग चार कमरे, एक आल्टो कार, सात बकरियां और दो भैंसे बह गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम घुमारवीं राजीव कुमार और पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए है। यहां पर सड़क किनारे पार्क एक निजी स्कूल बस को भी खासा नुकसान पहुंचा है, जबकि आल्टो कार का अभी तक कोई अता पता नहीं है। बताया जा रहा है कि भगौट गांव से कुछ ही दूरी पर क्षेत्र के त्यूनखास सरकारी स्कूल के साथ में जंगल में बादल फटा है और उसके बाद भारी मात्रा में मलबा और पानी पणगैल नाले में आ गया। जिससे आधी रात को तीन परिवारों पर मुसीबतों को पहाड़ टूट पड़ा है।

कुहमझवाड़ पंचायत प्रधान रेखा देवी ने बताया कि तीन परिवारों के घरों को खासा नुकसान इस घटना में हुआ है। भगौट गांव निवासी सरवन कुमार के दो पक्के कमरे और आल्टो कार बह गई है। कुलदीप कुमार के रसोईघर बह गया है और मकान के दो कमरे डैमेज हुए है। कुलदीप की पशुशाला नामोनिशान नहीं बचा है। इस पशुशाला में सात बकरियां और दौ भैंस बंधी थी जोकि बह गई है। इसके अलावा निक्कु राम का का मकान तो बच गया है लेकिन पूरी तरह जमीन बह गई हैऔर मकान को खतरा पैदा हो गया है। एसडीएम घुमारवीं राजीव कुमार का कहना है कि वह मौके पर ही है। परिवारों के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को नियमो के अनुसार मुआवजा भी दिया जाएगा

उधर भारी बारिश के कारण दधोल – लदरौर सड़क पर भटेड पुल के समीप सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश का पानी तेज बहाव के चलते सड़क पर आ गया जिस बजह से सड़क को भारी क्षति हुई। सड़क के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। इसके साथ ही पुल पर भी भारी मलबा पहुंच गया, लोगों को अपने गंतव्य तक आने जाने के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को पैदल अपने गंतव्य की ओर रुख करना पड़ा।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


