-
Advertisement
CM ने बागियों पर फिर साधा निशाना, बोले- विश्वासघात करने वालों को माफ नहीं करेगी जनता
Political Crisis: सीएम ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) ने गुरुवार को जिला कांगड़ा के पालमपुर (Palampur) में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एक बार फिर बागियों अैर बीजेपी पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि राज्य सभा चुनाव के दौरान छह कांग्रेस विधायकों ने बागी बनकर क्रॉस वोटिंग (Cross Voting) की। उनमें कांगड़ा जिला के एक नेता भी शामिल हैं, जो स्वयं भी सरकार में मंत्री और युवा कांग्रेस के महासचिव रहे, लेकिन उन्होंने पार्टी को आघात पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना सत्ता के छटपटा रहे हैं, जबकि मैंने 35 साल संघर्ष किया है और वह षड्यंत्रों से घबराने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता विश्वासघात (Betrayal) करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।
पैसा खर्च कर सीएम की कुर्सी पर बैठना चाहते हैं कुछ लोग
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ‘‘वर्तमान राज्य सरकार भ्रष्टाचार (Corruption) पर अंकुश लगाकर आम आदमी के विश्वास के लिए धन का प्रावधान कर रही है जबकि कुछ लोग पैसा खर्च कर सीएम की कुर्सी पर बैठना चाहते हैं। ऐसे लोग जनता की क्या सेवा करेंगे। आज अगर मैं मुख्यमंत्री बना हूं तो यह जनता की ताकत है। धन-बल से कुर्सी की चाह रखने वालों को हिमाचल प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। वर्तमान सरकार पूरे पांच साल जन सेवा करेगी और पूरी ईमानदारी के साथ काम करेगी।’’
यह भी पढ़े:Vikramaditya: शिमला में 24 घंटे पानी देने वाली योजना के तहत 850 करोड़ की दूसरी किस्त को मंजूरी
पालमपुर के लिए सीएम सुक्खू की घोषणा
इस दौरान सीएम ने पालमपुर में बीडीओ कार्यालय परिसर, अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय कार्यालय निर्माण के लिए समुचित धन का प्रावधान करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने पालमपुर में शहीद स्मारक, पालमपुर अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापित करने तथा ऑपरेशन थियेटर का निर्माण करने, शहर के लिए सीवरेज स्कीम, ओबीसी भवन, पालमपुर बस अड्डे के विस्तारीकरण के लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज बदेहड़-पट्टी रोड पर पुल का निर्माण, लिंगटी खड्ड-नगरी मणिमहेश सड़क, नागनी से लसेडु चिम्बलहार पुल के निर्माण तथा राजपुर गोस्वामी गणेश दत्त कॉलेज के निकट रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की।

आने वाले समय में पालमपुर का परिदृश्य बदलेगा
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भविष्य में पालमपुर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए और अधिक धनराशि खर्च की जाएगी, जिसका ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है और आने वाले समय में पालमपुर का परिदृश्य बदलने वाला है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है।
कांगड़ा को दी CM की करोड़ों रुपये की सौगात
CM ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान पालमपुर, जयसिंहपुर और सुलह विधानसभा क्षेत्र में 509 करोड़ 18 लाख की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तथा शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 140 करोड़ 67 लाख, पालमपुर क्षेत्र में 302 करोड़ 51 लाख तथा सुलह विधानसभा क्षेत्र में लगभग 66 करोड़ के विकास कार्यों के उद्घाटन-शिलान्यास किए।
