-
Advertisement
अभी बंद नहीं होगी कम्युटेशन, सीएम सुक्खू बोले- विचार विमर्श कर फैसला कैबिनेट मीटिंग में लेंगे
CM Sukhu : शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज रिटायर होने वाले सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों (Government Employee )के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में जो सरकारी कर्मचारी और अधिकारी आज रिटायर हो रहे हैं उन सभी को कम्युटेशन मिलेगी। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu)ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि आज 1500 कर्मचारी रिटायर हो रहे हैं, उन सभी को कम्युटेशन मिलेगी। कैबिनेट सब कमेटी ने कम्युटेशन से जुड़ी फाइल उन्हें भेज रखी है। इस पर फैसला लेने के लिए उन्हें ओर वक्त चाहिए और विचार विमर्श के बाद अंतिम फैसला कैबिनेट मीटिंग में लिया जाएगा। सीएम ने कहा, वह खुद एक रिटायर कर्मचारी के बेटे हैं। इसलिए वह जानते हैं कि कम्युटेशन सरकारी कर्मचारियों के लिए कितना जरूरी होता है।
कम्युटेशन को बंद करने की सिफारिश
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडलीय उप समिति( Cabinet Sub-Committee) ने सरकार को सिफारिश की है कि कर्मचारियों को सेवानिवृति पर पेंशन कम्यूटेशन को बंद कर दिया जाए, ऐसा करने से सरकार सालाना दो हजार करोड़ या इससे अधिक के वित्तीय बोझ से बच सकेगी। प्रदेश का कर्मचारी वर्ग चाहता है कि अभी तक की तरह चली आ रही व्यवस्था यानी अग्रिम पेंशन धनराशि प्राप्त करने की प्रणाली को यथावत रहने दिया जाए। इस व्यवस्था के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ ना की जाए। अब देखना होगा कि कैबिनेट में जाने का बाद इस पर क्या फैसला लिया जाता है।
किसी भी विभाग का दफ्तर शिफ्ट नहीं होगा
इस दौरान सीएम सुक्खू ने कहा, सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने को लेकर भी मामला विचाराधीन है।कैबिनेट में चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा। शिमला से किसी भी विभाग का दफ्तर शिफ्ट नहीं होगा। यहां से धर्मशाला के लिए केवल बोर्ड-निगम दफ्तर शिफ्ट करने पर विचार चल रहा है।
-राहुल कुमार
