-
Advertisement
प्रदेशभर में काले बिल्ले लगा कर ड्यूटी दे रहे डॉक्टर, सरकार को भी चेताया
हिमाचल प्रदेश के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आज नॉन प्रैक्टिस अलाउंस बहाल करने को लेकर डॉक्टर काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी दे रहे हैं। सभी अस्पतालों में डॉक्टरों ने पहले गेट मीटिंग की फिर ड्यूटी शुरू की। नॉन प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) बहाल ना किए जाने और कई मांगें पूरी न होने के चलते डॉक्टरों में रोष है। हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से मुलाकात कर रहे हैं , लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं। हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ के महसचिव डॉ. विकास ठाकुर ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले सप्ताह में कड़े फैसले लिए जाएंगे। शिमला में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के बाहर डॉक्टरों ने गेट मीटिंग की।

प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ जिला बिलासपुर की इकाई के प्रधान डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि संघ ने अपनी मांगों को लेकर जून माह में संघर्ष किया था। उस समय सीएम के आश्वासन के बाद संघ ने अपनी हडताल वापिस ले ली थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब तक मांगों पर कोई गौर नहीं किया है। जिससे चिकित्सा अधिकारियों में भारी रोष है। संघ की मांगों में पांच मुख्य मांगे शामिल हैं। उम्मीद है कि प्रदेश सरकार संघ की मांगों पर गौर करेगी। अन्यथा आने वाले दिनों में प्रदेश कार्यकारिणी के अनुसार संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी।
