-
Advertisement

विक्रमादित्य समेत 9 कांग्रेसियों पर FIR,तिरंगा यात्रा के दौरान किया धारा 144 का उल्लंघन
सिख फॉर जस्टिस के अध्यक्ष गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी भरे संदेशों का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा के दौरान रिज पर नारेबाजी करने पर कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह , युकां के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर सहित नौ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। धारा-144 तोड़कर रिज मैदान पर तिरंगा यात्रा निकालने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने जिनके खिलाफ एफआईआऱ दर्ज की है उनमें विधायक विक्रमादित्य सिंह, युकां के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, एनएसयूआई अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, राहुल मेहरा, विरेंद्र बाश्टू, अमित ठाकुर, राहुल चौहान, दिनेश चोपड़ा, दीपक खुराना शामिल है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 143 व 188 के तहत मामला भी दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- शिमलाः एक किमी लंबे तिरंगे के साथ निकाली यात्रा, विक्रमादित्य बोले- धमकियों का करारा जवाब देंगे
पुलिस शिकायत के अनुसार सीटीओ के पास जब यात्रा पहुंची तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका। सीटीओ के आगे धारा-144 लगी होने के कारण नारेबाजी करना प्रतिबंधित है। लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बात को अनसुना किया और रिज की ओर नारे लगाते हुए आगे बढ़ गए। रिज पर खलिस्तानी झंडा फहराने की धमकी देने गुरपतवंत सिंह पन्नू को करारा जवाब देने के लिए विधायक विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। एक किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ यह यात्रा निकाली गई साथ ही चार सौ के करीब छोटे झंडे भी लोगों ने हाथों में थाम रखे थे।