- Advertisement -
रिकांगपिओ। स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी (Shyam Saran Negi) ने आज हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के कल्पा पोलिंग बूथ ( Kalpa polling booth ) पर पंचायत चुनाव (panchyat Election) के लिए अपना वोट डाला। हिमाचल में पंचायत चुनाव मतदान का आज पहला चरण था। पंचायत चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। कल्पा स्थित पोलिंग बूथ पहुंचने पर 103 वर्षीय श्याम सरन नेगी का जिला प्रशासन ने रेड कार्पेट (Red carpet) बिछा कर भव्य स्वागत किया। डीसी किन्नौर (DC Kinnaur) हेमराज बैरवा ने श्याम सरन नेगी को किन्नौरी टोपी व शॉल पहना कर सम्मानित किया। नेगी ने 12 बजकर 45 मिनट के आसपास अपने मत का प्रयोग किया।
वोट डालने के बाद श्याम शरण नेगी ने कहा कि पंचायती राज संस्था के चुनावों में अपने मत का प्रयोग कर उन्हें गर्व महसूस हुआ है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान में भाग लेने की अपील की और कहा कि सही प्रत्याशी का चुनाव करें, ताकि क्षेत्र का विकास हो सके। इस दौरान डीसी किन्नौर हेमराज बैरवा ने कहा कि इस उम्र में श्याम सरन नेगी का मतदान करना युवा मतदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
आजादी के बाद वर्ष 1951 के सर्द महीनों में पूरे देश में मतदान हुआ था, लेकिन किन्नौर स्नोबॉण्ड क्षेत्र होने के कारण यहां मतदान देश के अन्य क्षेत्रों के अपेक्षा 6 महीने पहले 1950 में हुआ था। उस समय श्यामसरन नेगी शिक्षा विभाग में कार्यरत थे और उनकी चुनाव ड्यूटी (Election Duty) शोंगठंग में लगी थी। उन्होंने अपने घर कल्पा से ड्यूटी पर जाने के चलते कल्पा पोलिंग स्टेशन में सबसे पहले मतदान किया और फिर अपनी चुनाव ड्यूटी पर निकले। इसी के चलते ही उन्हें देश का प्रथम मतदाता बनने का गौरव हासिल हुआ।
- Advertisement -