-
Advertisement
मंदिर में नमाज के बाद मस्जिद में चार हिन्दू युवकों ने पढ़ी हनुमान चालीसा, पुलिस ने भेजा जेल
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा (Mathura) स्थित एक मंदिर में कुछ युवकों द्वारा नमाज पढे जाने का मामला अभी ठीक से शांत भी नहीं हुआ था कि जिले से इसी तरह का एक और मामला सामने आया है। नंदगांव के नंदबाबा मंदिर में दो मुस्लिमों के द्वारा नमाज पढ़ने के विरोध में मंगलवार को गोवर्धन स्थित ईदगाह में घुसकर चार हिंदूवादी युवकों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और जय श्रीराम के नारे भी लगाए। मंगलवार सुबह किए गए इस हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) पाठ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ऐक्शन में आई और तत्काल चारों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। बाद में युवकों का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया।
युवकों ने कहा- भाईचारा बढ़ाने के लिए ऐसा किया
गोवर्धन कोतवाली के थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चारों युवकों में जतीपुरा मार्ग गोवर्धन निवासी सौरभ नंबरदार, राघव मित्तल, कृष्णा ठाकुर और पुरोहित पाइसा निवासी कान्हा हैं। इन चारों का शांतिभंग में चालान किया गया है। मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करने वाले युवकों के मुताबिक उन्होंने भाईचारा बढ़ाने के लिए ऐसा किया। पुलिस के मुताबिक हिंदुवादी युवकों का कहना है कि जब मंदिर में नमाज पढ़ी जा सकती है तो मस्जिद में हनुमान चालीसा क्यों नहीं?
यह भी पढ़ें: #Haryana में पुजारी की बेरहमी से पिटाई: युवती संग अश्लील बातचीत का ऑडियो हुआ था वायरल
आपको बता दें कि इससे पहले ब्रज चौरासी कोस यात्रा करते हुए दो मुस्लिम युवकों द्वारा नंदगांव स्थित नंदबाबा मंदिर परिसर में नमाज अदा करने के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिसके बाद यूपी पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया था। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान फैजल खान और चांद मोहम्मद के रूप में हुई थी।
