-
Advertisement
Himachal: अटल टनल रोहतांग के पास गिरा ग्लेशियर, सड़क का मिटा नामोनिशान
Last Updated on January 7, 2021 by saroj patrwal
कुल्लू। अटल टनल रोहतांग (#Atal_Tunnel_Rohtang) के आसपास की पहाड़ियों में भारी बर्फबारी के बाद अब ग्लेशियर (Glacier) गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। अटल टनल रोहतांग के समीप गिरे ग्लेशियर से करीब 100 मीटर के दायरे में सड़क का नामोनिशान मिट गया है। सड़क पर ग्लेशियर गिरने के बाद सड़क मार्ग बंद हो गया है। हालांकि ग्लेशियर गिरने से किसी तरह का कोई जानी नुकसान नही हुआ है, लेकिन सोलंगनाला से धुंधी अटल टनल मार्ग बंद हो गया है। भारी बर्फबारी (Snowfall) के चलते सासे ने पहले ही ग्लेशियर गिरने की चेतावनी (Warning) दे दी थी। चेतावनी मिलने के चलते बर्फबारी अधिक होने व मंगलवार को सोलंगनाला में पर्यटकों के फंसने के चलते आज पुलिस ने पर्यटक (Tourist) वाहनों को नेहरुकुंड से आगे नही जाने दिया। जगह-जगह हिमस्खलन आने से बीआरओ (BRO) की भी दिक्कत बढ़ गई हैं। बीआरओ ने अटल टनल मार्ग की बहाली शुरू कर दी है, जबकि लाहुल घाटी में भी दोपहर बाद मौसम खुलते ही बीआरओ सड़क बहाली की तैयारी में जुट गया है। बीआरओ अटल टनल रोहतांग के निर्देशक कर्नल राजीव खतरी ने बताया कि अटल टनल मार्ग पर एमएसपी 12 पर हिमस्खलन गिरा है। उन्होंने बताया कि सड़क बहाली शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें : ब्रेकिंगः #Atal_Tunnel रोहतांग के साउथ पोर्टल में फंसे 100 पर्यटक वाहन, रेस्क्यू टीमें रवाना
वहीं, मौसम खराब होने और भारी हिमपात के चलते घाटी में सैलानियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। ऐसे में घाटी की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सैलानियों की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीसी पंकज राय ने कहा कि घाटी में तापमान बहुत कम हो गया है। आने वाले समय में भी स्थिति सुधरने वाली नहीं है। सुबह और शाम के समय सड़क पर बर्फ जम रही है। ऐसे में सड़कों पर वाहन चलाना खतरनाक और जोखिम भरा है। दुर्घटना से बचने के लिए वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाना आवश्यक है। पर्यटक वाहनों (Tourist vehicles) को घाटी में अब सुबह 10 से 11 बजे और दोपहर 12 से तीन बजे के बीच ही प्रवेश करने की अनुमति दी गई है। सुबह 11 से 12 बजे एक घंटे के लिए अटल टनल रोहतांग रखरखाव के लिए बंद रखी जाएगी। सुबह 11 से 12 और 12 से तीन बजे के बीच टनल पार कर नॉर्थ पोर्टल पहुंचे पर्यटकों को हर हाल में शाम चार बजे तक नॉर्थ पोर्टल को छोड़ना होगा। यह आदेश आगामी 24 जनवरी तक जारी रहेंगे।