-
Advertisement
सराज और नेरवा में मटर, सेब पर ओले की मार, मचाई तबाही
Last Updated on June 6, 2023 by saroj patrwal
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के सराज में ओलावृष्टि से छतरी के साथ लगे करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में सेब, नाशपाती, प्लम और आड़ू सहित अन्य फलों की फसलें तबाह हो गई हैं। मटर के खेतों को भी भारी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि की मार ने मटर के खेतों में इस तरह से तबाही मचाई है कि पौधों को तो पहचानना भी मुश्किल हो गया है। किसानों और बागवानों मोहर सिंह, रामेश्वर, जयचंद, राम सिंह, किशोरी लाल, दामोदर दास, हीरा सिंह, खेम सिंह, दयाराम, पूर्ण चंद, नारायण सिंह आदि ने बताया कि रविवार रात को ओलावृष्टि होने से पूरी मेहनत बेकार हो गई है।
नुकसान के आंकलन का निर्देश
किसानों-बागवानों ने स्थानीय प्रशासन से नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन अधिकारियों को नुकसान का आंकलन करने को कहा है। तहसील नेरवा की करीब आधा दर्जन पंचायतों में पौन घंटे तक भारी ओलावृष्टि हुई। इससे सेब के फल और पत्तों के अलावा अन्य फसलें जमीन पर बिछ गईं। कई जगह गेंहू के अलावा अन्य फसलों, सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा है। सेब की नई प्लांटेशन भी पूरी तरह बर्बाद हो गई है।
10 जून तक राहत नहीं, पारा गिरा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर 10 जून तक बारिश हो सकती है। मैदानी भागों में 9 जून से मौसम साफ रहने के आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश की राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। बुधवार को कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 13.2, सुंदरनगर 15.1, भुंतर 13.1, कल्पा 7.2, धर्मशाला 18.6, ऊना 19.4, नाहन 21.1, केलांग 3.9, पालमपुर 16.0, सोलन 15.6, कांगड़ा 20.2, मंडी 15.5, बिलासपुर 20.0, हमीरपुर 18.9, चंबा 17.0, डलहौजी 13.5, जुब्बड़हट्टी 15.2, कुफरी 9.9, कुकुमसेरी 3.7, नारकंडा 6.0, भरमौर 10.0, रिकांगपिओ 10.5, सेऊबाग 11.6, धौलाकुआं 20.2, बरठीं 20.8, पांवटा साहिब 23.0 और देहरागोपीपुर में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े:हिमाचल के 10 जिलों में बारिश, बर्फबारी का अलर्ट