-
Advertisement
#Corona Update: हिमाचल में कम हुआ रिकवरी रेट, डेथ रेट बढ़ा- अब तक 66 ने तोड़ा दम
Last Updated on September 11, 2020 by Deepak
शिमला। हिमाचल में कोरोना (Corona) का आंकड़ा 8500 पार हो गया है। साथ ही 2700 से अधिक एक्टिव केस (Active Case) हैं। कोरोना मृत्यु का आंकड़ा 66 पहुंच गया है। राहत की बात यह है कि अब तक 5730 कोरोना पॉजिटिव लोग ठीक हो चुके हैं। हिमाचल में रिकवरी रेट (Recovery Rate) कम होकर 67 फीसदी के करीब पहुंच गया है। विगत कुछ दिनों में रिकवरी रेट करीब साढ़े सात फीसदी गिरा है। हिमाचल में रिकवरी रेट 74 फीसदी के आसपास पहुंच गया था। डेथ रेट 0.77 फीसदी हो गया है।
यह भी पढ़ें: जल शक्ति विभाग फतेहपुर में Corona की दस्तक, जनता के लिए बंद रहेगा Office
हिमाचल में आज अब तक एक कोरोना मृत्यु दर्ज हुई है। वहीं, 55 कोरोना के मामले सामने आए हैं। अब तक 60 लोग ठीक हुए हैं। कांगड़ा जिला के तंगरोटी योल की 55 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा है। महिला को पिछले कल दोपहर बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। महिला टाइप टू मधुमेह व अन्य बीमारियों से पीड़ित थी। पिछले कल शाम को महिला की मृत्यु हो गई। मौत के बाद महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। प्रदेश में अब तक हमीरपुर से 20, सिरमौर से 14, बिलासपुर व शिमला (Shimla) से सात-सात, कांगड़ा से तीन, चंबा व मंडी से दो-दो मामले आए हैं। वहीं, बिलासपुर के 23, ऊना (Una) के 18, कांगड़ा के 17 व शिमला के दो कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं। हिमाचल में कुल आंकड़ा 8512 पहुंच गया है। अभी 2706 एक्टिव केस हैं।
किस जिला में कितने ठीक, कितनों की गई जान
सोलन जिला कोरोना मामलों में नंबर एक पर है। सोलन (Solan) जिला में ठीक होने वालों का आंकड़ा भी अधिक है। अब तक 1322 लोग ठीक हो चुके हैं। 15 की जान गई है। कांगड़ा जिला में 807 कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं और 12 की जान गई है। शिमला में अब तक 304 ठीक हुए हैं और 10 की मृत्यु हुई है। मंडी में 386 ठीक हुए हैं और 8 की जान गई है। ऊना जिला में ठीक होने वालों का आंकड़ा 465 है। जिला में अब तक 6 कोरोना पॉजिटिव की जान गई है। चंबा (Chamba) में 410 और हमीरपुर में 534 ठीक हुए हैं। मृत्यु का आंकड़ा दोनों जिलों में 5-5 है। सिरमौर में अब तक 860 ठीक हुए हैं व चार की जान गई है। कुल्लू (Kullu) में ठीक होने वालों का आंकड़ा 256 है व एक की मृत्यु हुई है। बिलासपुर जिला में 307 और किन्नौर में 72 ठीक हुए हैं। लाहुल स्पीति में 7 ने कोरोना से जंग जीती है। उक्त तीनों जिला में कोरोना से किसी की जान नहीं गई है।
सिरमौर में कोरोना के 14 नए मामले
जिला सिरमौर में कोरोना बेकाबू हो गया है। शुक्रवार दोपहर एक बार फिर 14 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 13 मामले नाहन क्षेत्र के हैं। जबकि, एक मामला ददाहू के बेड़ोन से मिला है। मेडिकल कॉलेज से मिली रिपोर्ट के मुताबिक कुल 160 सैंपल जिसमें 158 नए व दो फालोअप सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें 47 नए और दोनों फालोअप सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि, 14 मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा 97 सैंपल की जांच अभी जारी है। रिपोर्ट के अनुसार पाजिटिव आए इन 14 मामलों में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन से दो के अलावा बस स्टैंड नाहन, माल रोड़, जाबल का बाग, चकरेडा, वाल्मीकि बस्ती, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, रामकुंडी व अमरपुर मोहल्ला सहित नाहन क्षेत्र से यह मामले सामने आए हैं। वहीं, ददाहू क्षेत्र के बेड़ोन से भी एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके पराशर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को पॉजिटिव आए 14 मामलों की रिपोर्ट मिली है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव आए लोगों को सुविधा के अनुसार होम आइसोलेट अथवा कोविड केयर सेंटर भेजने संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कांगड़ा जिला में तंगरोटी योल की 35 वर्षीय महिला, पुराने कांगड़ा की 62 वर्षीय महिला और टांडा मेडिकल कॉलेज की 41 साल की महिला पॉजिटिव आई है।