-
Advertisement
जानिए- Himachal कब तक हो जाएगा कोरोना फ्री, कम हो रहे एक्टिव मामले
शिमला। हिमाचल में पिछले 9 दिन से कोरोना (Corona) को लेकर राहत भरी खबर है। इन नौ दिनों में कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है। इसी बीच दो और जिलों में अभी कोरोना का कोई एक्टिव मामला नहीं है। हिमाचल (Himachal) के आठ जिले वर्तमान में कोरोना मुक्त हो चुके हैं। चार में ही एक्टिव मामले हैं। अगर कोई नया पॉजिटिव मामला नहीं आता है तो 10 मई तक हिमाचल के कोरोना फ्री (Corona Free) होने की संभावना है। क्योंकि हिमाचल में लास्ट मामला 23 अप्रैल को सामने आया था। प्रोटोकोल के अनुसार 14 दिन बाद उक्त कोरोना मरीज के सैंपल चेक होंगे। ऐसे में 6 मई के बाद सैंपल चेक होने प्रस्तावित हैं। इसके अलावा पहले से दाखिल एक मरीज की दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव (Report Positive) आई थी। सूत्रों के अनुसार उस मरीज की भी कोरोना जांच 14 दिन बाद होगी। अगर यह दोनों मरीज कोरोना से जंग जीतते हैं तो हिमाचल कोरोना फ्री हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचलियों के लिए आई अच्छी खबर, Jai Ram की पढ़ो प्लानिंग
अभी हिमाचल में एक्टिव मामले 7 रह गए हैं। पिछले कल एक दिन में तीन कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। इसमें कांगड़ा, चंबा और ऊना के मरीज शामिल हैं। वहीं, कोविड 19 (Covid-19 आइसोलेशन सेंटर भोटा हमीरपुर में दाखिल हमीरपुर जिला के दो कोरोना पॉजिटिव की भी प्रारंभिक रिपोर्ट नेगेटिव हो गई है। आज उनके सैंपल की दोबारा जांच होगी। अगर दूसरी जांच में भी मरीज नेगेटिव रहते हैं तो उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। ऐसे में हिमाचल में एक्टिव मामले 5 रह जाएंगे। हमीरपुर जिला भी फिलहाल कोरोना मुक्त हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: Congress MLA बोले, शराब पीने से गले से साफ हो जाएगा Corona, खोल दो ठेके
वर्तमान में चंबा में एक, हमीरपुर में दो, सिरमौर में एक और ऊना में तीन एक्टिव मामले हैं। बिलासपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहुल स्पीति, मंडी, शिमला और सोलन में कोरोना का कोई मामला नहीं है। बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, लाहुल स्पीति, मंडी और शिमला में शुरू से ही कोई मामला नहीं है। कांगड़ा में पांच मामले थे। इसमें चार ठीक हो चुके हैं और एक मौत हुई है। सोलन में 9 मामले थे। इसमें पांच ठीक हो चुके हैं। चार हिमाचल के बाहर चले गए हैं। यह चार भी कोरोना से जंग जीत चुके हैं। ऊना जिला में 16 मामले थे। इसमें से 13 ठीक हो चुके हैं। अब तीन एक्टिव मामले बचे हैं।
हिमाचल में अब तक कोरोना
हिमाचल में अब तक 6133 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इसमें 6093 नेगेटिव रहे हैं। साथ ही 40 कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) मामले सामने आए हैं। इसमें 28 लोग ठीक हो चुके हैं। एक की मौत हुई है। चार हिमाचल के बाहर चले गए हैं। अभी एक्टिव मामले 7 बचे हैं। हिमाचल के लिए राहत भरी खबर तो है, लेकिन लोगों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। लोग सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने की आदत डाल लें। जीतना हो सके घर पर ही रहें। हिमाचल को कोरोना मुक्त रखना लोगों के हाथ में है। अपने आसपास भी नजर रखें। अगर कोई बाहर से आया है और उसकी जानकारी प्रशासन को नहीं तो जानकारी दें।

