-
Advertisement
विधायकों से जनवरी में मांगी जा सकती हैं उनकी प्राथमिकताएं, दूसरे हफ्ते में बैठकें संभावित
MLA Priority Meeting : शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में योजना आकार तय करने के लिए विधायक प्राथमिकता बैठक (MLA Priority Meeting) जनवरी के दूसरे हफ्ते में हो सकती है। इसमें सभी विधायकों से उनकी प्राथमिकताएं मांगी जाएंगी। चूंकि जनवरी के पहले हफ्ते में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) कांगड़ा प्रवास पर जा सकते हैए इसलिए विधायक प्राथमिकता बैठक जनवरी के दूसरे हफ्ते में होने की संभावना है। इसी बीच अगले तीन माह तक सामान्य परिस्थिति में ना कोई पद सृजित होगा, ना नए संस्थान खुलेंगे और ना ही स्तरोन्नत होंगे। इन्हें अगले बजट तक के लिए टाला जा रहा है। प्रदेश सरकार के वित्त विभाग ने इस वित्तीय वर्ष की जनवरी से मार्च तक चलने वाली चौथी तिमाही के लिए आर्थिक प्रबंधन के चलते यह निर्णय लिया है। केवल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की विशेष मंजूरी पर ही नए संस्थान खोलना, स्तरोन्नयन या नए पदों का सृजन निर्भर रहेगा।
नए पद सृजन के प्रस्ताव अगले बजट को लक्षित करके ही भेजें
सुक्खू सरकार ने सभी विभागों को आदेश जारी किए गए हैं कि वे नए पद सृजन के प्रस्ताव अगले बजट को लक्षित करके ही भेजें और नए संस्थानों को खोलने या स्तरोन्नयन के लिए अगले बजट में अपने प्रस्ताव भेजें। वित्त विभाग (Finance Department) ने विभागों को इस संबंध में अगले बजट के लिए ब्योरा भेजने के निर्देश जारी किए हैं। अगर नए संस्थानों को खोलने, इनके स्तरोन्नयन और नए पदों के सृजन के लिए बजट प्रावधान अंतिम तिमाही में किया जाए तो इससे चालू वित्तीय वर्ष में ही खर्च किया जा सकता है। ऐसे में सरकार का लक्ष्य उन योजनाओं पर ज्यादा है, जो चालू वित्तीय वर्ष में ही लागू हो पाएं और जिनके लिए पहले से ही बजट प्रावधान किया गया है।
-राहुल कुमार
