-
Advertisement
Covid-19: कांगड़ा से फिर आगे निकला हमीरपुर; 7 नए मामले आए सामने; 792 हुई कुल संख्या
Last Updated on June 24, 2020 by Deepak
चंबा। हिमाचल प्रदेश में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच एक बार फिर सूबे का हमीरपुर जिला कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गया है। हमीरपुर में 7 नए मामलों की पुष्टि होने के साथ ही अब तक पॉज़िटिव पाए गए मामलों की संख्या 212 हो गई है। वहीं कांगड़ा जिले से आज 3 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या आज 211 हो गई है। हमीरपुर से आज सामने आए मामलों में नादौन के दो, गलोड़ और भोरंज एक-एक, बड़सर में दो पॉजिटिव केस आए हैं। बीते छह दिनों में लगातार 71 मामले आए हैं।
कांगड़ा से सामने आए 3 नए मामले
वहीं कांगड़ा जिले से भी आज तीन नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। जिले में पॉज़िटिव पाए गए लोगों में एक 32 वर्षीय धीरा के पुड़वा निवासी आईटी इंजीनियर, कुराल निवासी 19 वर्षीय छात्र और जयसिंहपुर स्थित उत्तरपुर गांव निवासी एक 43 वर्षीय महिला पॉज़िटिव पाई गई है। ये तीनों लोग दिल्ली से यात्रा कर हिमाचल वापस लौटे थे। दोनों युवकों को परौर में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया थे। वहीं महिला तलवर में क्वारंटाइन थी। अब इन लोगों को आगे के इलाज के लिए DCCC डाढ़ में शिफ्ट किया गया है।
चंबा से सामने आए 4 नए मामले
इसके अलावा सूबे के चंबा (Chamba) जिले से 4 नए मामले सामने आए हैं। पॉज़िटिव पाए गए चारों लोग एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पॉज़िटिव (Positive) पाए गए लोगों में 45 वर्षीय पुरुष, 40 वर्षीय महिला, 15 वर्षीय लड़की और 12 वर्षीय लड़का शामिल है। ये सभी कुछ दिनों पहले ही दिल्ली (Delhi) से लौटे थे। ये सभी चुवाड़ी ब्लॉक के बनेट गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दिल्ली से वापस आने के बाद इन्हें ककीरा में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। अब इन्हें कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।
यह भी पढ़ें: Himachal Corona Update : सोलन में तीन नए मामले, Delhi से लौटी दो महिलाओं सहित एक युवक पॉजिटिव
इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हुए 5 मरीज
इसी के साथ ही चंबा में इलाजरत एक मरीज के ठीक होने की भी पुष्टि हुई है। इसके अलावा ऊना जिले के 3 मरीजों के ठीक होने की भी पुष्टि हुई है। वहीं शिमला में इलाजरत एक मरीज ने भी कोरोना से जंग में जीत हासिल की है। इसके साथ ही जिला चंबा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 50 हो गई है और 13 मामले एक्टिव है। हिमाचल में कोरोना संक्रमितों (Corona infected) की संख्या 792 हो गई है और 332 मामले एक्टिव है, अभी तक 445 मरीज ठीक हो चुके हैं और 6 लोगों की मौत हुई है। वहीं आज आए मामलों की बात करें तो इससे पहले आज सुबह सोलन जिले से 3 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे। जिसके बाद चंबा जिले से 4, हमीरपुर से 7 और कांगड़ा से 3 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। इसी के साथ सूबे में आज के दिन सामने आने वाले मामलों की संख्या 17 हो गई है।