-
Advertisement
जयराम ठाकुर ने मांगा CM सुक्खू का इस्तीफ़ा , बोले-कांग्रेस सरकार में निरंकुश हो गए अधिकारी
Jairam Thakur: HPPCL के चीफ इंजीनियर विमल नेगी मौत मामले की जांच CBI को सौंपे जाने के बाद विपक्षी दल बीजेपी कांग्रेस सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि सरकार में सीएम सुक्खू की कोई भी बात नहीं सुनता। विमल नेगी पर गलत काम करने का दबाव था। मौत के बाद परिवार के लोग CBI जांच चाह रहे थे, लेकिन CM ने इस बारे में सदन में बार-बार झूठ बोलने का काम किया। परिवार कभी भी सरकार की जांच से संतुष्ट नहीं थी। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सीएम सुक्खू को झूठ बोलने की आदत लग गई है और यह इस मामले में साबित भी हो गया। जयराम ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने के साथ पेखूवाला प्रोजेक्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।
कोर्ट की फटकार के बाद भी मान नहीं रहे SP
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। शिमला के SP संजीव कुमार गांधी ने कोर्ट में ही DGP डॉ. अतुल वर्मा के खिलाफ बड़ी-बड़ी बातें की। इसके लिए उन्हें कोर्ट ने फटकार लगाई और तब भी SP मान नहीं रहे हैं। डीजीपी ने कोर्ट को बताया कि SP ने मामले में सही तरह से जांच नहीं की। वे गैर जरूरी तरह से मामले में हस्तक्षेप करते रहे। पेन ड्राइव की रिकवरी को छिपाने की कोशिश की गई और बाद में उसे भी फॉर्मेट किया गया। इस पूरे मामले में सरकार का हस्तक्षेप है और इसी वजह से सबूतों से छेड़छाड़ की गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ASI पंकज की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। अब तो पंकज की जान पर भी खतरा है। ॉॉ
कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है
जयराम ठाकुर ने कहा कि SP संजीव कुमार गांधी ने DGP के ख़िलाफ खुलेआम प्रेसवार्ता की। AG अनूप रतन कोर्ट के ख़िलाफ बात कर रहे हैं। आज से पहले न तो कभी ऐसा हिमाचल प्रदेश में हुआ और न ही पूरे देश में हुआ है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। सरकार का चेहरा पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। SSP और AG का प्रेसवार्ता करना कोर्ट की अवमानना है। उन्होंने दावा किया है कि सीबीआई के डीजी को एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने पत्र लिखा और मामले में अपील की बात कही है, जबकि वे ऐसा नहीं कर सकते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या वे इतने बड़े हो गए हैं कि CM सुक्खू ने सभी अधिकार उन्हें ही दे दिए हैं।
संजू चौधरी

