-
Advertisement
सुक्खू कैबिनेट विस्तार से पहले जयराम ने दिए ‘ऑपरेशन लोटस’ के संकेत
Last Updated on December 12, 2023 by Soumitra Roy
वी. कुमार/मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य में ऑपरेशन लोटस (Operation Lotus) के संकेत दिए हैं। मंगलवार को मंडी के पड्डल मैदान में बीजेपी की आक्रोश रैली (BJP Akrosh Rally) को संबोधित करते हुए जयराम ने कहा कि राजनीति में सब-कुछ संभव है, इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता तैयार रहें। सुक्खू सरकार से न तो मंत्री खुश हैं और न विधायक। सरकार के साथ अगर कुछ होता है तो इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगी। गांरटियों (Guarantees) ने झारखंड और राजस्थान की सरकारों को दफन कर दिया है। अब प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी यही गारंटियां दफन करके छोडेंगी।
दौर कब पुराना हो जाएगा, पता भी नहीं चलेगा
जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू एक साधारण परिवार से सीएम के पद तक पहुंचे हैं। लेकिन उनमें सीएम पद का सुरूर कुछ इस कदर हावी हो गया है कि वे लगातार गलत निर्णय (Wrong Decisions) लेते जा रहे हैं। ऐसे गलत निर्णयों के बीच किसी ने उनके कान में यह फूंक भी मार दी है कि जो उन्होंने कर दिया वह तो वीरभद्र सिंह और धूमल भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि नये दौर के होर्डिंग लगाने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि यह दौर कब पुराना हो जाएगा, इसका पता भी नहीं चल पाएगा।
प्रियंका से हाड़े करते रहे सुक्खू
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार झूठ की गठरी है। सरकार के झूठ से प्रियंका गांधी (Priyanka Gandi) ने किनारा कर लिया। सीएम सुक्खू प्रियंका गांधी के हाड़े (मिन्नतें) करते रहे लेकिन प्रियंका ने एक नहीं सुनी और कार्यक्रम में नहीं गई। इससे ही पता चल जाता है कि सरकार के क्या हालात हैं। आक्रोश दिवस पर आयोजित रैली में जिला के अन्य भाजपा विधायक और कई नेता भी मौजूद रहे।