-
Advertisement
राम मंदिर के भूमि पूजन पर बांटे लड्डू
शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज अयोध्या में पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा राम मंदिर के शिलान्यास के उपलक्ष्य पर शहर वासियों के साथ मिठाई बांटी। उन्होंने बताया कि आज का दिन देश तथा प्रदेशवासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। वर्षों के संघर्षों के उपरांत राम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण का कार्य भूमि पूजन के साथ पीएमनरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि भगवान राम संपूर्ण मानवता की आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने पूरे मानव जाति को शांति, अहिंसा व सत्य का संदेश पेश किया था, जिस संदेश की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम में भी अगुवाई की थी।
सुरेश भारद्वाज ने बताया कि हम अपने आप को सौभाग्यशाली समझते हैं कि आज हजारों वर्षों के संघर्षों के उपरांत इस घड़ी के साक्षी बने है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण विश्व में जहां-जहां राम का संदेश पहुंचता है, वो सबके लिए आस्था का प्रतीक है। इसलिए संपूर्ण विश्व में आज उल्लास का दिन है तथा शिमला में भी बहुत खास दिन हैं। उन्होंने बताया कि हमें वर्ष 1991-1992 के वह दिन याद आते हैं जब हम स्वयं राम जन्मभूमि का आंदोलन किया करते थे। हिमाचल प्रदेश के लिए अहम है क्योंकि राम जन्मभूमि निर्माण के आखिरी संघर्ष की नींव पालमपुर में रखी गई थी। केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर लालकृष्ण आडवाणी की अगुवाई में सोमनाथ से अयोध्या यात्रा शुरू की गई थी।