-
Advertisement
RDG महज़ बहाना, अपनी राजनीति बचाने में जुटी है कांग्रेस जयराम बोले- सीएम झूठ के महल बनाने में माहिर
Leader of Opposition Jai Ram Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र से भरपूर सहायता मिलने के बावजूद केंद्र को गालियां दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार RDG के बहाने केवल पूर्व बीजेपी सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी को कोसने का काम कर रही है। सरकार से वित्तीय हालात नहीं संभल रहे तो उन्हें स्वीकार करते हुए पद छोड़ देना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि बीजेपी को कोई जल्दी नहीं है। लेकिन प्रदेश की जनता सरकार से परेशान है और कल की बजाय आज सरकार के जाने की कामना कर रही है।
सरकार अपना पक्ष सही तरीके से नहीं रख पाई
जयराम ठाकुर ने कहा कि RDG बंद होने के मुद्दे पर सरकार अपना पक्ष सही तरीके से नहीं रख पाई और सदन में सीएम सुक्खू ने गलत तथ्य पेश किए। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल के इतिहास में यह पहले सीएम हैं जो कभी सच नहीं बोलते. सदन में लगातार गलत तथ्य प्रस्तुत किए गए और विपक्ष को बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने केवल सीएम के राजनीतिक भाषण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को RDG मिले इसके लिए सरकार अपने स्तर पर प्रयास करे और भाजपा भी अपने स्तर पर प्रयास करेगी। उनका कहना है कि सरकार बिगड़ते वित्तीय हालातों का ठीकरा बीजेपी पर फोड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि डॉ. मनमोहन सिंह के समय दो वित्त आयोगों से 18 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि मोदी सरकार में दो वित्त आयोगों से 89 हजार 254 करोड़ रुपये की RDG मिली और UPA सरकार के समय हिमाचल के साथ अन्याय हुआ।
भाजपा सरकार ने 95 प्रतिशत ऋण चुकाया
जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुक्खू ने सदन में 35,482 करोड़ रुपये ऋण लेने और 27 हजार करोड़ चुकाने की बात कही, जबकि एक दिन पहले 23 हजार करोड़ ऋण लेने और 26 हजार करोड़ चुकाने का बयान दिया था। इन्हीं विरोधाभासी तथ्यों पर विपक्ष ने आपत्ति जताई। उनका दावा था कि बीजेपी सरकार ने 40,672 करोड़ का ऋण लिया और 38,276 करोड़ चुकाया, जिसमें 2,076 करोड़ का अंतर रहा तथा 6 हजार करोड़ की सीमा शेष थी, जिसके बाद कांग्रेस ने सरकार संभाली। उन्होंने कहा कि 30 वर्षों में प्रदेश पर 69,600 करोड़ का ऋण था, जबकि वर्तमान सरकार ने 40 हजार करोड़ से अधिक कर्ज लिया। भाजपा सरकार ने 95 प्रतिशत ऋण चुकाया जबकि वर्तमान सरकार ने केवल 60 प्रतिशत चुकाया।
कांग्रेस में आंतरिक उथल-पुथल की स्थिति
उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ने तथ्य बदलकर पेश करने का प्रयास किया और वित्त सचिव की प्रेजेंटेशन के बाद कांग्रेस में आंतरिक उथल-पुथल की स्थिति बनी। अंत में उन्होंने कहा कि RDG केवल बहाना है, कांग्रेस अपनी राजनीति बचाने का रास्ता खोज रही है, जबकि केंद्र ने विभिन्न मदों में करीब सवा दो लाख करोड़ रुपये की सहायता दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार के जाने का इंतज़ार कर रही है।
संजू चौधरी
