-
Advertisement
जगजीवन को थप्पड़ मारने वाला व्यक्ति आया सामने, बोला- पंचायत प्रधान के कहने पर किया हमला
सुलह/कांगड़ा। कांगड़ा के सुलह विधानसभा क्षेत्र की रड़ा पंचायत में पूर्व सीपीएस (Former CPS) और कांग्रेस के पूर्व विधायक जगजीवन पाल (Jagjivan Pal) को थप्पड़ मारने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। घटना के बाद आज पहली बार थप्पड़ मारने वाला व्यक्ति शब्बीर सामने आया है। शब्बीर ने अपने बयान में बताया कि उसने यह सब पंचायत प्रधान (Panchayat Pradhan) लेखराज के कहने पर किया है। व्यक्ति ने बताया कि उसे प्रधान लेखराज ने कार्यक्रम में हंगामा करने को कहा था। व्यक्ति ने यह भी बताया कि उसने यह सब शराब के नशे में किया है। वहीं दूसरी तरफ रड़ा पंचायत के प्रधान लेखराज ने व्यक्ति द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में उनका कोई हाथ नहीं है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: जगजीवन पाल पर हुए हमले पर कांग्रेस गर्म, दी आंदोलन की धमकी
बता दें कि रड़ा पंचायत में एक विरोध प्रदेर्शन के लिए जा रहे कांग्रेस (Congress) के पूर्व विधायक जगजीवन पाल को थप्पड़ मारे जाने का एक वीडियो जमकर वायरल हुआ था। मीडिया में आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक जगजीवन पाल को एक व्यक्ति ने पहले थप्पड़ मारा फिर धक्का दिया। इस घटना के बाद कांग्रेस ने इस मामले पर कड़ा संज्ञान लिया। कांग्रेस ने इस मामले में बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस ने पूर्व विधायक के साथ हुई मारपीट के विरोध में मोर्चा खोल दिया। आज शनिवार को जिला कांगड़ा के कांगेस नेताओं (Congress leaders) ने डीसी कांगड़ा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस इस प्रकरण को लेकर 6 सितंबर को भवारना में प्रदर्शन करने जा रही है। जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित मुकेश अग्निहोत्री और अन्य नेता इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
क्या था मामला
बता दें कि सुलह की रड़ा पंचायत में पंचायत भवन का शिलान्यास हो रहा था। मौजूदा बीजेपी विधायक और विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार (Vipin Singh Parmar) शिलान्यास करने के लिए पहुंचे थे। शिलान्यास कार्यक्रम के संबंध में पंचायत प्रधान और बाकी सदस्यों को कोई जानकारी नहीं थी और इसी बात का जगजीवन पाल विरोध कर रहे थे। हालांकि जगजीवन पाल शिलान्यास स्थल तक पहुंचते, पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया। इसी बीच जगजीवन पाल को एक शख्स ने पीछे से थप्पड़ जड़ दिया और धक्का भी दिया। बाद में जगजीवन पाल मौके पर ही धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक जगजीवन पाल ने इस शिलान्यास का विरोध जताया, क्योंकि ना तो पंचायत के प्रधान को इसकी सूचना दी गई थी और न ही वार्ड पंचों कों। पूर्व विधायक ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष परमार अपनी मर्जी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…


