-
Advertisement
मंडी नगर निगम ने रखा आधुनिक लाइब्रेरी समेत लाखों के विकास का खाका
Last Updated on December 7, 2023 by sintu kumar
मंडी (वी कुमार)। मंडी (Mandi) शहर का दिल कही जाने वाली इंदिरा मार्केट के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक घंटाघर में बुक कैफे और टाउन हॉल में लाइब्रेरी खुलेगी। यह लाइबेरी (Library) आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जिसमें 50 लोगों के बैठने की सुविधा के साथ, ई रीडिंग रूम व वाई फाई की सुविधा रहेगी।
इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों पर 20-20 लाख खर्च किए जाएंगे। यह फैसला नगर निगम की सामान्य बैठक (General Meeting) में लिया गया। नगर निगम की यह बैठक गुरुवार को नवनियुक्त महापौर वीरेंद्र भट्ट और उपमहापौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस मौके पर नगर निगम (Municipality) के आयुक्त एचएस राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
ग्रांट वापस न ले सरकार
बैठक में सभी पार्षदों ने शहर में होने वाले विकास कार्यों को अपनी-अपनी राय रखी। जिसमें कुछ पार्षदों के बीच विकास कार्यो को लेकर कुछ गहमागहमी भी देखने को मिली। बैठक में शहर के 15 वार्डों में विकास कार्यों को लेकर 20 से अधिक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक के उपरांत मिडिया से रूबरू होते हुए नगर निगम महापौर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि निगम के पास धन की कमी के बावजूद विकास कार्य निरंतर जारी हैं। बरसात के सीजन के दौरान मंडी शहर के विभिन्न वार्डों में 36 करोड़ का नुकसान (Loss Of Property) हुआ है। जिसकी रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। यह पैसा नगर निगम को अभी तक नहीं मिला है। इसके विपरीत सरकार ने नगर निगम की 4 करोड़ की ग्रांट (Grant) वापस मांगी है। उन्होंने सरकार से इस ग्रांट को वापस न लेने की अपील की है।
ये काम करवाएगा नगर निगम
वीरेंद्र भट्ट ने शहर में होने वाले अन्य विकास कार्यो को गिनवाते हुए बताया कि शहर के माता सिद्ध काली मंदिर के पास आधुनिक रेन शेल्टर (Rain Shelter) बनाया जाएगा। शहर की पुरानी दुकानों के आगे ब्यूटीफिकेशन के साथ दीवारों से अवैध पोस्टर हटाए जाएंगे। गौ सदन की तर्ज पर शहर में डॉग केयर सेंटर खोले जांएगे। शहरवासियों को बंदरों के आंतक से निजात दिलाने के लिए डेढ़ माह में 500 बंदर पकड़े जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य पर 20-20 लाख खर्च किए जाएंगे। भट्ट में यह भी साफ किया कि आने वाले समय शहर में विकास कार्यों के लिए ऑनलाइन टेंडरिंग की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में पार्दशिता बरती जा सके।