-
Advertisement
ब्रेकिंगः ठियोग के चियोग बाजार में भीषण अग्निकांड, एक दर्जन दुकानें जलकर राख-वीडियो
शिमला। ठियोग के निकट चियोग बाजार में बीती रात आग का तांडव देखने को मिला। इस अग्निकांड में दर्जन भर दुकानें और इनमें रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से इन दुकानों में रखा करोड़ों का सामान जल कर राख हो गया। आग की इस घटना के बाद कुसुम्पटी के विधायक अनिरुद्धसिंह और इस डीएम ठियोग भी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार आग रात को दस बजे के करीब लगी। दुकानें बंद होने का कारण अधिकांश लोग दुकानों से अपना सामान भी नहीं निकाल पाए। इसी बीच दमकल विभाग को भी सूचना दी गई लेकिन दमकल वाहन देरी से पहुंचे और मौके पर जुटी लोगों की भीड़ ही आग बुझाती रही। लोगों का आरोप है कि ठियोग से पहला दमकल वाहन डेढ़ से दो घंटे देरी से मौके पर पहुंचा, जबकि ठियोग से चियोग बाजार की दूरी 12 किलोमीटर की है और फागू से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

जब तक ठियोग का पहला दमकल वाहन पहुंचता, तब तक 5 के करीब दुकानें जलकर राख हो गई थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद पहली गाड़ी का पानी भी खत्म हो गया था। इसके कुछ देर बाद शिमला से दूसरा अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा। तब जाकर आग बुझाने का काम शुरू हुआ। इसके बाद तीन और गाड़ी चियोग बाजार पहुंची और रात एक बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। दमकल वाहनों के देरी से पहुंचने और पानी की कमी को लेकर सरकार व व्यवस्था के प्रति लोगों में नाराजगी है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन आग से दुकान दारों को खासा नुकसान हुआ है। चियोग पंचायत के प्रधान दिनेश जगटा ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और एसडीएम ठियोग से बाजार में आग से हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द प्रभावित परिवारों को राहत राशि देने की मांग की है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

