-
Advertisement
Himachal में पांच दिन बारिश-बर्फबारी की चेतावनी के बाद छह जिलों में #Yellow_Alert जारी
Last Updated on November 22, 2020 by
शिमला। हिमाचल में कुछ दिन धुप खिलने के बाद अब फिर से मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। प्रदेश में अगले पांच दिन तक बारिश और बर्फबारी (Rain / Snowfall) का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र (Meteorological Department) शिमला के अनुसार अगले 26 नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहुल-स्पीति में 25 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। जबकि प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 22 से 26 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, मैदानी जिला ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि 25 नवंबर को इन जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, रविवार दोपहर बाद से शिमला (Shimla) समेत प्रदेश के कई अन्य भागों में मौसम खराब होना शुरू हो गया है। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: #HP_Weather: हिमाचल में कल से बदलेगा मौसम, जाने कितने दिन होगी बारिश और बर्फबारी
वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हुई राजधानी
पहाड़ों की रानी शिमला रविवार को एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है। इस वीकेंड पर शिमला में काफी संख्या में पर्यटक (Tourist) पहुंचे हैं। सैकड़ों की संख्या में अन्य राज्यों से शिमला पहुंचे सैलानियों ने शिमला के रिज व मालरोड में घूमने का लुत्फ उठाया। सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद शहर की अधिकतर पार्किग भी रविवार को गाड़ियों से भरी रहीं। गुजरात, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। सैलानियों की आमद बढ़ने से शिमला के पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। शहर के होटलों के अलावा आसपास के क्षेत्रों के होटल और होम स्टे भी पैक हो गए हैं। राजधानी शिमला के होटलों में वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग हो रही है। शिमला पहुंचे पर्यटकों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर धूप-छांव के बीच पर्यटक ठंड से ठिठुरते हुए गर्म कपड़ों से लिपटे घूमते नजर आए।
ऊंचाई वाले संवेदनशील क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी
चंबा। रक्षा भू सूचना विज्ञान अनुसंधान स्थापना मनाली द्वारा जारी चेतावनी बुलेटिन के मद्देनजर चंबा जिला प्रशासन ने भी जिला के विशेषकर पांगी और भरमौर क्षेत्रों के अधिक ऊंचाई वाले भाग में हिमस्खलन होने की चेतावनी को देखते हुए लोगों को पूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है। डीसी राणा ने बताया कि रक्षा भू सूचना विज्ञान अनुसंधान स्थापना मनाली द्वारा यह चेतावनी बुलेटिन 23 नवंबर तक की अवधि के लिए जारी किया है। लोग मौसम खराब होने के बाद हिमपात होने की सूरत में इस तरह के संवेदनशील इलाकों का रुख कदापि ना करें और सुरक्षित स्थान पर ही रहें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में जागरूकता भी काफी हद तक आपदा के नुकसान को न्यूनतम करने में सहायक रहती है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page