-
Advertisement
नगर निगम सोलन के हर वार्ड में बनेगा पार्क और सेल्फी प्वाइंट : डॉ कर्नल शांडिल
सोलन। जिला सोलन में नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में मिनी पार्क (Mini Park) का निर्माण किया जाएगा। जहां पर पर्यटकों (Tourists) की सुविधा के लिए सेल्फी प्वाइंट (Selfie Point), बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। यह बात रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ कर्नल धनीराम शांडिल ने नगर निगम के वार्ड नंबर 8 में 9 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित मिनी पार्क का विधिवत लोकार्पण करने के पश्चात कही। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में भी हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए वर्तमान सरकार निवेश को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। सरकार नई निवेश नीति (New Investment Policy) लाएगी, जिसमें निवेशकों की सुविधा के लिए सरकारी बंधनों को कम किया जाएगा। सरकार नई रोजगार नीति भी लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारी आर्थिकी का मुख्य जरिया है। प्राकृतिकए ग्रामीण, बागवानी, साहसिक तथा धार्मिक पर्यटन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पर्यटन परियोजनाओं को स्टार्ट.अप योजना से जोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़े:सीएम सुक्खू का ऐलान: देवी देवताओं के नाम की जाएगी गैर वन भूमि
इसके पश्चात श्रम एवं रोजगार मंत्री ने मोहन मीकिन पार्क के नजदीक खंड विकास अधिकारी कार्यालय के भवन निर्माण के लिए चयनित की गई भूमि स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यालय भवन के निर्माण कार्य के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात निर्माण कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने शूलिनी माता मंदिर (Shoolini Mata Temple) के मुख्य द्वार के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री (Health Minister) ने एचआरटीसी वर्कशॉप के नजदीक स्वास्थ्य विभाग के ट्रॉमा सेंटर तथा 200 बिस्तर के क्षेत्रीय अस्पताल के भवन निर्माण के लिए चयन किए गए स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रामा सेंटर (Trauma Center) तथा अस्पताल भवन के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला कथेड़ के खेल मैदान के लिए चयनित की गई भूमि स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

