-
Advertisement
शपथ ग्रहण समारोह से नदारद रहे सीएम जयराम, मुकेश बोले- सीएम को बड़ा दिल दिखाना चाहिए था
शिमला। आज कांग्रेस (Congress) के तीनों नव निर्वाचित विधायकों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने तीनों विधायकों को शपथ दिलाई। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निनहोत्री सहित विक्रमादित्य सिंह भी फोटो फ्रेम में कैद हुए। लेकिन बिजी शेड्यूल होने के चलते प्रदेश के मुखिया औपचारिक बधाई देने के लिए विधानसभा स्पीकर के कमरे और फोटो फ्रेम दोनों जगहों से नदारद रहे। अब यही मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर से इस बात पर इतने नाराज हो गए कि मीडिया के सामने कह दिया सीएम साहब हार पचा नहीं पाए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल कैबिनेट: धर्मशाला में 10 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
मिर्जा गालिब की एक शायरी है, हम को उन से वफ़ा की है उम्मीद, जो नहीं जानते वफ़ा क्या है। नेता प्रतिपक्ष का जब सीएम ने उम्मीद तोड़ा तो उन्होंने कहा कि सीएम साहब को बड़ा दिल रखना चाहिए था। नए विधायकों से इस मौके पर मिलने आना चाहिए था। मगर वे नहीं आए। सीएम को छोटी सोच रखकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। इसके साथ ही किसी जमाने में पत्रकार रहे अग्निहोत्री ने तल्ख टिप्पणी कर सीएम को हार की टीस भी दिला दी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि माना बीजेपी का कोई विधायक नहीं जीता है, लेकिन तीन नए विधायकों के इस विधानसभा परिसर में प्रवेश को नजरअंदाज करना ये सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उप चुनावों में चौका लगाया है। प्रदेश की जनता ने सरकार को आयना दिखाया है। सरकार जिन विकासकार्यों की बात करती है धरातल पर ऐसा कुछ भी है ही नहीं। यही कारण है कि जनता ने सरकार को बाहर का रास्ता दिखाया है। इसके साथ ही जीत के जश्न में सराबोर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सीएम को अपनी हार का अंदेशा पहले हो गया था। इसलिए वे लगातार चुनाव को टालते रहे। मुकेश ने डबल इंजन को लेकर कहा कि प्रदेश वाला इंजन फेल हो चुका है। यह चलने वाला नहीं है। इसे बदलने की जरूरत है। जनता 2022 में इस खटारा इंजन को उखाड़ फेंकेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


