-
Advertisement
मुकेश का तंज: सीएम जयराम सुबह से शाम तक कर रहे कोरी घोषणाएं, 3 माह में कैसे होंगी पूरी
Last Updated on June 4, 2022 by Vishal Rana
नाहन। हिमाचल में जब सरकार साढ़े 4 साल में कुछ नहीं कर पाई तो अब तीन माह में क्या करेगी। सीएम जयराम ठाकुर (CM jai Ram Thakur) सुबह से शाम तक कोरी घोषणाएं कर रहे हैं। जो कभी जमीन पर नहीं उतरेंगी। यह बात शनिवार को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सिरमौर (Sirmaur) जिला के श्री रेणुका जी में आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो परिवर्तन रैली चल रही है, उसमें प्रदेश की जयराम सरकार नेस्तनाबूद होकर रह जाएगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव (Vidhan Sabha Election) में महज 3 महीने का समय रह गया है। ऐसे में सरकार इन तीन माह में क्या कर पाएगी। उन्होंने इसका मुख्य कारण सरकार में वर्किंग कल्चर का ना होना बताया।
यह भी पढ़ें:पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला: सुक्खू बोले- दोषियों को जल्द किया जाए गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि अंतिम समय में सरकार द्वारा की जा रही घोषणा और ऐलानों से कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने पर जयराम सरकार प्रदेश को 85000 करोड़ रुपए का कर्जा तोहफे के रूप में देकर जाएगी। मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) ने कहा कि अब डबल इंजन की सरकार का इंजन हांफ चुका है और पहाड़ की चढ़ाई के काबिल नहीं रहा। इससे पहले श्री रेणुका जी में आने पर मुकेश अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार व प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल भी मौजूद रहे। इस परिवर्तन रैली (Parivartan Rally) का आयोजन कर कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला सिरमौर में भी अपना चुनावी प्रचार शुरू कर दिया।
आम आदमी पार्टी पर भी साधा निशाना
वहीं मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल में तीसरे विकल्प के रूप में सामने आ रही आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब (Punjab) में आज सरेआम गोलियां चल रही है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली व पंजाब दोनों राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री जेल में है। देवभूमि हिमाचल एक शांत प्रदेश है और यहां इस तरह की सरकारों के कल्चर की कोई जरूरत नहीं है। साथ ही किसी तीसरे विकल्प का वजूद भी नहीं है। प्रदेश में केवल अब कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। इससे पूर्व परिवर्तन रैली में कांग्रेसी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिलाओं सहित लोगों से कांग्रेस की विचारधारा व वर्तमान बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों को लोगों के बीच ले जाने का आह्वान किया।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…