-
Advertisement
मनाली -पठानकोट एचआरटीसी बस कुल्लू में पुलिस लाइन के पास पलटी, चालक-परिचालक समेत 6 लोग घायल
HRTC Bus Accident: मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस शनिवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। हादसा सुबह करीब छह बजे पुलिस लाइन कुल्लू के पास हुआ, जहां अनियंत्रित होकर बस सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना के वक्त बस में चालक-परिचालक और चार यात्रियों समेत कुल छह लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी छह लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है।
कुल्लू पुलिस लाइन के पास अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी की बस (नंबर: HP 38-9738) मनाली से पठानकोट की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कुल्लू पुलिस लाइन के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में बस को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
घायलों की सूची:
श्याम लाल (45) पुत्र लाला राम, निवासी बसकोला, डाकघर कट्राईं
कृष्ण थापा (42) पुत्र ईमान थापा, निवासी बंदरोल
छाया देवी (25) पत्नी राकेश कुमार, निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता, पठानकोट
राकेश कुमार (31) पुत्र सरदारी लाल, निवासी कुठेड़, डाकघर सिहुंता, पठानकोट
मनमोहन सिंह (चालक) (42) पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी गांव भुट, डाकघर खरोटा, तहसील चुवाड़ी, जिला कांगड़ा
प्रवीण सिंह (परिचालक) (46) पुत्र लाभ सिंह, निवासी गांव खन्नी, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के कारणों की प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस जांच और बस के तकनीकी निरीक्षण के बाद ही हो सकेगा। मामले की पुष्टि करते हुए SP कुल्लू ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
तुलसी
