-
Advertisement
हमीरपुर में मटौर-शिमला फोरलेन का निर्माणाधीन पुल ढहा: 100 फीट खाई में गिरे मजदूर, 3 गंभीर घायल
Himachal News: हमीरपुर जिले में मटौर-शिमला फोरलेन मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। चील वाहल से मसीयाणा के पास हथली खड्ड पर बन रहा 100 मीटर से अधिक लंबा लोहे का निर्माणाधीन पुल अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय पुल पर निर्माण कार्य चल रहा था। पुल टूटने से करीब 100 फीट की ऊंचाई से सारा मटेरियल और मजदूर सीधे नीचे खाई में जा गिरे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) का प्रबंधन तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
3 मजदूर गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हादसे के बाद घायल मजदूरों को 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर पहुंचाया गया। घटना के समय पुल पर 8 मजदूर काम कर रहे थे।मामले की जानकारी देते हुए हमीरपुर के नायब तहसीलदार जगदीश चंद ने बताया निर्माणाधीन लोहे के पुल का एक हिस्सा अचानक टूट गया। काम कर रहे 8 मजदूरों में से 5 को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। एक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्रशासन की देखरेख में बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
दूसरी तरफ फंसे 6 लोग, रेस्क्यू टीम रवाना
पुल गिर जाने के कारण सड़क के दूसरी ओर करीब 6 लोग फंस गए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है तथा एंबुलेंस और राहत दल को दूसरे वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बयां किया खौफनाक मंजर
हादसे के वक्त पास ही घास काट रहे चश्मदीद देशराज ने बताया कि अचानक तेज आवाज के साथ पुल का एक बड़ा हिस्सा नीचे खाई में जा गिरा। इसके तुरंत बाद वहां चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और प्रशासन को सूचित किया।
बड़ी लापरवाही की आशंका, जांच में जुटे विभाग
इतने बड़े और महत्वपूर्ण फोरलेन प्रोजेक्ट के पुल का अचानक गिर जाना बेहद चिंताजनक है। शुरुआती नजर में इसे निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। 100 फीट ऊंचे पुल के गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए एनएचएआई और पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अशोक राणा
