-
Advertisement
कांगड़ा से कोई भेदभाव नहीं, अब ‘डबल इंजन’ से दौड़ेगी विकास की गाड़ी: गोमा
लेखराज धरटा/शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार (Sukhu Govt in Himachal) के नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा (Yadvendra Goma) ने शनिवार को कार्यभार संभालने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार में कांगड़ा (Kangra) के साथ किसी तरह की अनदेखी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पहले कांगड़ा के लिए एक मंत्री था, अब दो हैं। इस तरह ‘डबल इंजन’ से विकास की गाड़ी दौड़ेगी।
उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार उन्हें जो भी मंत्रालय देगी, उसमें वे निष्ठा से काम करेंगे। नए सचिवालय भवन (New Secretariat Building) में यादवेन्द्र गोमा को कमरा नंबर 625 अलॉट किया गया है। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कार्यभार संभाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। गोमा ने नए जिम्मेदारी के लिए सीएम और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।

व्यवस्था परिवर्तन के लिए काम करूंगा
गोमा ने कहा कि कांगड़ा के साथ किसी भी तरह अनदेखी नहीं हुईं हैं। उनके मंत्री बनने से पहले कांगड़ा को एक मंत्री और दो कैबिनेट रैंक (Cabinet Rank) सहित अन्य जिम्मेदारियां दी गई थीं। अब दो मंत्री कांगड़ा जिले को मिल गए हैं, जो कांगड़ा के विकास के लिए काम करेंगे। राज्य सरकार व्यवस्था परिवर्तन के नारे के साथ प्रदेशहित में काम कर रही है, जिसमें वे भी आगे बढ़कर काम करेंगे।

