-
Advertisement
हिमाचल: रोगी कल्याण समिति की बैठक में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर बिफरे अमिताभ अवस्थी
हमीरपुर। रोगी कल्याण समिति की बैठक में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन (Hamirpur Medical College Administration) की खूब फजीहत हुई है। समिति की बैठक में एजेंडा रखते वक्त ही स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमिताभ अवस्थी (Amitabh Awasthi) बिफर पड़े। उन्होंने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान को जमकर फटकार लगाई है। वहीं, तमतमाते हुए कहा कि बैठक में एजेंडा पेश किया जा रहा है या कोई कॉन्सेप्ट नोट।
इस पर जुबानी फैसला नहीं लिया जा सकता
दरअसल, बैठक में चिकित्सा अधीक्षक रमेश चौहान पॉइंट नंबर 17 को प्रस्तुत कर रहे थे। तभी स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि बैठक में एजेंडा नहीं फिलॉसफी की क्लास ली जा रही है। उन्होंने फटकार लगाते हुए यहां तक कह दिया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की तरफ से कहानी परोसी जा रही है। प्रबंधन के इस कॉन्सेप्ट नोट पर स्वास्थ्य मंत्री कोई जुबानी फैसला नहीं ले सकते हैं।
रोगी कल्याण समिति की बैठक में गहमागहमी
बता दें कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के रोगी कल्याण समिति की बैठक बुधवार को हमीर होटल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल (Health Minister Rajiv Saijal) कर रहे थे। इस दौरान खूब गहमागहमी देखने को मिली। सरकार की तरफ से नामित सदस्यों ने भी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बैठक में आला अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर प्रबंधन के अधिकारियों को खूब फटकार भी लगाई।
ठोस जवाब नहीं देने से स्वास्थ्य सचिव नाराज
वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक रमेश चौहान और प्रिंसिपल सुमन यादव संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जिस पर कई नामित सदस्य भी नाखुश दिखे। इसके अलावा डेपुटेशन पर भेजे गए 15 डॉक्टर में से एक डॉक्टर के मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लंबे समय से डटे रहने का सवाल भी खूब चर्चा में रहा। रोगी कल्याण समिति के नामित सदस्यों ने इसे लेकर भी मेडिकल कॉलेज हमीरपुर प्रबंधन वर्ग से जवाब मांगा लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ सुमन यादव की तरफ से इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद स्वास्थ्य सचिव कॉलेज प्रबंधन पर बिफर गए।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


