-
Advertisement
चंबा मेडिकल कॉलेज के बाहर आउटसोर्स कर्मियों का चक्का जाम, मरीज हुए परेशान
Himachal News: चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के गेट के बाहर खासा बवाल मच गया है। यहां पर आउटसोर्स कर्मचारियों ने देर रात को महिला डॉक्टर व सुरक्षा कर्मियों के साथ बदसलूकी और मारपीट के विरोध में चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस के पास भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। प्रदर्शन के चलते अस्पताल की सेवाओं पर असर पड़ा है। अस्पताल का मुख्य पर्ची काउंटर पूरी तरह बंद रहा और मरीजों को बिना इलाज के भटकना पड़ा।
कैजुअल्टी वार्ड में तैनात डॉ. कृतिका गर्ग ने शिकायत दी
अस्पताल के गेट के बाहर विरोध में उतरे इन कर्मचारियों में नर्सेज, फार्मासिस्ट और सिक्योरिटी गार्ड सहित तमाम आउटसोर्स स्टाफ शामिल है। बुधवार रात को कैजुअल्टी वार्ड में तैनात डॉ. कृतिका गर्ग ने पुलिस को शिकायत दी कि मरीज (पवन कुमार) की मृत्यु के बाद माई का बाग निवासी रोहित गोस्वामी और अन्य लोगों ने अस्पताल में उत्पात मचाया। ये लोग शराब के नशे में थे और इन्होंने महिला डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की करने के साथ-साथ सुरक्षाकर्मियों और अन्य स्टाफ के साथ मारपीट भी की।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारी अस्पताल प्रशासन और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जब तक कार्यस्थल पर पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।पुलिस के अनुसार मेडिकल कालेज चंबा में डॉक्टर और स्टाफ के साथ हुई मारपीट की की शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इसकी जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जाएगी।
रविंद्र
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

