-
Advertisement
जन्म के कुछ ही घंटों बाद अस्पताल में नवजात को छोड़ भागे माता-पिता, बच्ची को बेचने की थी कोशिश
Himachal News: हमीरपुर मेडिकल कॉलेज से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक दंपती अपनी कुछ ही घंटे पहले जन्मी मासूम को अस्पताल में अकेला छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद से पुलिस और अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर पर मामले की छानबीन कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।
सोमवार को अस्पताल में भर्ती हुई थी महिला
बताया जा रहे है कि नेपाल मूल की एक महिला को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उसने एक बच्ची को जन्म दिया। दुखद यह है कि डिलीवरी के कुछ ही देर बाद बच्ची के माता-पिता बिना बताए चुपचाप अस्पताल से निकल गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह दंपती बच्ची के जन्म से खुश नहीं था और अस्पताल परिसर में ही उन्होंने कुछ लोगों से बच्ची को 10 से 15 हजार रुपये में ले जाने की बात कही थी, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वे बच्ची को वार्ड में ही छोड़कर भाग निकले।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दंपती द्वारा भर्ती के समय जमा किए गए आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। चिकित्सकीय टीम उसकी देखभाल कर रही है।
पुलिस को मामले की सूचना दी गई
उधर मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और अस्पताल की टीम उसकी अच्छे से देखभाल कर रही है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच जारी है। बता दें कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने भी अपने स्तर पर भी जांच शुरू कर दी है।
अशोक राणा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

