-
Advertisement

जल शक्ति विभाग पर फूटा ऊनावासियों का गुस्सा, जल आपूर्ति को लेकर किया प्रदर्शन
ऊना जिला मुख्यालय के वार्ड 5, 8 और 11 के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण गुस्साए शहर वासी सड़क पर उतरने को मजबूर हो गए हैं। रविवार को शहर वासियों ने इस समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और उनकी इस समस्या को अनदेखा करने की आरोप भी लगाए। जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे शहर वासियों ने बताया कि करीब एक महीना पहले पानी की आपूर्ति में कीड़े और सीवरेज का गंदा पानी आने की समस्या पेश आई। मामले को विभाग के समक्ष उठाया गया। इसके बाद शहर वासियों को यहां पर नई पाइपलाइन डालकर सुचारू और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति देने की बात कही गई। लेकिन करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद विभाग द्वारा शुरू किया गया, नई पाइपलाइन बिछाने का काम ज्यों का त्यों खड़ा है और अब तो पाइपलाइन बिछाने के चक्कर में शहर के रास्तों को भी उखाड़ दिया गया है। जिसके कारण स्कूली बच्चों से लेकर घर में बीमार और बुजुर्ग लोगों को भी आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने दी चेतावनी -यदि समस्या जल्द ना हुई हल तो होगा उग्र प्रदर्शन
शहरवासियों ने कहा कि पीने के लिए भी उन्हें शहर के ही अन्य वार्डों से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ता है। लेकिन कई बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन और जल शक्ति विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। पीने के पानी के अतिरिक्त और भी कई जरूरतें लोगों की है, जिन्हें पूरा करने के लिए उन्हें रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द विभाग ने अपनी जलापूर्ति को सुचारू नहीं किया तो लोगों को उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा जिसकी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी। नगर परिषद उपाध्यक्ष विनोद कुमार पुरी का कहना है कि जल शक्ति विभाग को जल्द से जल्द इस समस्या का हल करना चाहिए लोगों को पानी नहीं होने के चलते काफी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। नगर परिषद के माध्यम से भी इस मसले को अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद इसका अभी तक कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला जा सका।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group