- Advertisement

अब खाली बोतलें भी दिलाएंगी मुनाफा, जाने क्या है HPMC की अनोखी कचरा प्रबंधन योजना
Himachal News: हिमाचल प्रदेश को स्वच्छ और हरित बनाए रखने की दिशा में ‘हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम’ (HPMC) ने एक बेहद अनोखी और पर्यावरण-अनुकूल शुरुआत की है। सतत कचरा प्रबंधन (Sustainable Waste Management) को बढ़ावा देने के लिए HPMC ने इस्तेमाल की जा चुकी कांच की खाली बोतलों की रीसाइक्लिंग के लिए बायबैक योजना (Buyback Scheme) की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू कर दी है।इस योजना का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि अब उपभोक्ताओं और दुकानदारों को खाली बोतलें फेंकने के बजाय उन्हें वापस करने पर नकद आर्थिक प्रोत्साहन (पैसा) मिलेगा।
बोतल लौटाओ, पैसे पाओ-जानिए किसे कितना मिलेगा फायदा
HPMC ने इस योजना के तहत उपभोक्ताओं, खुदरा विक्रेताओं (रिटेलर्स) और वितरकों (डिस्ट्रीब्यूटर्स) के लिए कमाई का एक बेहतरीन जरिया तैयार किया है।
आम उपभोक्ताओं के लिए:200 मिलीलीटर की प्रत्येक खाली बोतल अधिकृत रिटेलर के पास जमा करवाने पर 1 रुपये मिलेंगे।600 मिलीलीटर की प्रत्येक खाली बोतल जमा करवाने पर 2 रुपये दिए जाएंगे।
रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए: संग्रहण (Collection) के अलग-अलग चरणों के आधार पर दुकानदारों और वितरकों को प्रति बोतल 4 रुपये तक का प्रोत्साहन (Incentive) दिया जाएगा।
कैसे काम करेगी यह पूरी व्यवस्था
HPMC द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, कांच के कचरे के सही निपटान के लिए एक सुचारु सप्लाई चेन बनाई गई है। उपभोक्ता अपनी खाली बोतलें नजदीकी अधिकृत रिटेलर्स को देंगे। वहां से ये बोतलें डिस्ट्रीब्यूटर्स और फिर HPMC के कार्यालयों के माध्यम से इकठ्ठा की जाएंगी। इन बोतलों को सुरक्षित रूप से कलेक्ट करने और ट्रांसपोर्ट करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सभी एकत्रित बोतलों को छंटाई और रीसाइक्लिंग के लिए जरोल स्थित HPMC के फल प्रसंस्करण संयंत्र (Fruit Processing Plant) भेजा जाएगा।
कचरा मुक्त हिमाचल के लिए HPMC की अपील
HPMC प्रबंधन का मानना है कि यह योजना कांच के कचरे को कम करने और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने में एक गेम-चेंजर साबित होगी। इससे न केवल पर्यावरण का संरक्षण होगा, बल्कि सभी हितधारकों (Stakeholders) के लिए एक लाभकारी और सतत व्यवस्था स्थापित होगी।निगम ने प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं, रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और देवभूमि हिमाचल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना योगदान देने की अपील की है।
संजू चौधरी

