-
Advertisement

68 वर्षीय महिला हिम्मत को सलामः घुटनों तक मलबे में फंसी रही, 4 घंटे बाद किया रेस्क्यू
सुंदरनगर। मंडी जिला में हुई मूसलाधार बारिश कहर बनकर सामने आई है। यहां अभी भी लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण भूस्खलन से आए मलबे में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को 4 घंटे लंबे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सकुशल बाहर निकाला गया है। मामला मंडी जिला के उपमंडल सुंदरनगर के तहत ग्राम पंचायत चांबी के जंगमबाग क्षेत्र का है। जहां महिला लगभग 4 घंटों तक मलबे में घुटनों तक फंसी रही। घटना की सूचना मिलने के उपरांत बीबीएमबी फायर सर्विसेज, हिमाचल प्रदेश होमगार्ड रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन ने 4 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से सकुशल बाहर निकाला गया। मौके पर एसडीएम सुंदरनगर धर्मेश रमोत्रा और तहसीलदार जगदीश शर्मा ने खुद पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। घायल महिला को उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल बीएसएल टाउनशिप अस्पताल ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार मंडी जिला के सुंदरनगर में बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण ग्राम पंचायत चांबी के जंगमबाग क्षेत्र में एक रिहायशी मकान साथ लगती पहाड़ी से भूस्खलन होने से मलबे की चपेट में आ गया। मकान में रहने वाले 9 सदस्य अचानक से आए मलबे से भाग कर अपनी जान बचाई। लेकिन इस दौरान परिवार की 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला कुलवंती मलबे की चपेट में आ गई। कुलवंती घुटनों तक मलबे में दब गई और उनकी टांगों पर मौके पर रखी लोहे की शटरिंग प्लेट्स आ गई। इस महिला बुजुर्ग महिला मलबे से बाहर नहीं निकल पाई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन,बीबीएमबी फायर सर्विसेज और प्रदेश होमगार्ड की रेस्क्यू टीम ने 4 घंटे लंबे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में महिला को सकुशल मलबे से बाहर निकाल लिया। महिला की टांगों में चोट आई है और बीएसएल टाऊनशिप अस्पताल में उपचाराधीन है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group