-
Advertisement
हिमाचल भवन व सदन में अब ऑनलाइन बुक करवा सकेंगे कमरा, सुविधा शुरू
शिमला। हिमाचल भवन एवं हिमाचल सदन नई दिल्ली, हिमाचल भवन चंडीगढ़ एवं परिधि गृह विलिज पार्क, शिमला में कमरा आरक्षित करने के लिए अब ऑनलाइन (Online) माध्यम से आवेदन कर पाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग (Department of General Administration) ने सरकार की अनुमति के बाद 25 फरवरी, 2021 से इस सुविधा को शुरू कर दिया है। यह जानकारी प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग ने एनआईसी (NIC) के सहयोग से एक सॉफ्टवेयर तैयार किया है जिसके माध्यम से इच्छुक आवेदक ऑनलाइन माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग को आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: नागर विमानन मंत्रालय की टीम आ रही हिमाचल, हेलीपैडों का करेगी निरीक्षण
उन्होंने कहा कि आवेदक अपने स्मार्ट / एंड्रॉयड फोन से भी https//himatithi.nic.in लिंक पर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अब अन्य किसी लिखित आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी। प्रार्थी को आरक्षण संबंधी जानकारी भी मोबाइल पर एसएमएस (SMS) द्वारा उपलब्ध करवा दी जाएगी। यदि आवेदक सरकारी कर्मचारी है व उसे कमरा उपलब्ध ना हो पाए और किसी स्थिति में वह विभाग से अनुपलब्धता प्रमाण पत्र (एनएसी) चाहते हैं तो वह भी उन्हें ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिया जाएगा और पूर्व की भांति उन्हें एनएसी प्राप्त करने के लिए अलग से आवेदन प्रस्तुत करने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। वर्तमान में वैश्विक महामारी कोरोना (Corona) से बचाव व रोकथाम तथा उचित दूरी बनाए रखने व अनावश्यक संपर्क से बचने के लिए आरक्षण के कार्य के लिए इस सॉफ्टवेयर का अधिकाधिक प्रयोग करने का आग्रह किया गया है।

