-
Advertisement

शिकार करने जा रहे व्यक्ति का पैर फिसला और बंदूक से चली गोली, साथी की गई जान
पांवटा साहिब। जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के तहत आने वाले डांडा आंज के डांडा कालाआंब में बंदूक की गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार शाम उस समय पेश आया जब तीन लोग शिकार पर निकले थे। अभी शिकार मिला भी नहीं था कि अपना ही एक साथी गोली का शिकार हो गया। पुलिस थाना पुरूवाला में मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
पुलिस को दिए बयान में डांडा कालाआंब के मेहर सिंह पुत्र जालम सिंह निवासी गांव डाण्डा कालाआम्ब तह पांवटा साहिब ने बताया कि बीती शाम वह और उसका छोटा भाई धर्म सिंह अपने मामा के घर बस्ताना (बांस) मुड़ा लेकर मेहमानी में गए थे। जहां शाम करीब 6:00 बजे वह दोनों और इसका समधी यशवंत सिंह जंगल की तरफ शिकार पर निकले। इसका भाई धर्म सिंह आगे-आगे चल रहा था। यशवंत सिंह अपनी बंदूक को कंधे पर लटकाकर उसके पीछे चल रहा था और वह स्वयं सबसे पीछे था। घर से थोड़ी दूरी पर पहुंचते ही यशवंत सिंह का पैर फिसल गया और कंधे पर लटकी बंदूक भी गिर गई, जिससे अचानक चली गोली धर्म सिंह की बाईं टांग के घुटने के पीछे लगी। घायल हालत में धर्म सिंह को तुरंत उठाकर यशवंत की गाड़ी से लेकर राजपुरा ले गए। जहां मरहम पट्टी कराने के बाद पांवटा ले जाया गया। वहां पहुंचते ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 336, 304 और आर्मस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group