-
Advertisement

प्रतिभा सिंह बोलीं: हिमाचल में कांग्रेस का सीधा मुकाबला बीजेपी से, एकजुट होकर लड़ेंगे चुनाव
शिमला। हिमाचल में कांग्रेस (Himachal Congress) का सीधा मुकाबला बीजेपी से होगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेगी। हिमाचल में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) का कोई जनाधार नहीं है। यह बात आज हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद होली लॉज (Holly Lodge) पहुंची प्रतिभा सिंह ने कही। होली लॉज पहुंचने पर प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) का गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ। यहां सुबह से ही कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचने शुरू हो चुके थे। होली लॉज पहुंचने पर प्रतिभा सिंह ने जहां उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी हाइकमान का आभार जताया। वहीं, उन्होंने बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से हर वर्ग परेशान है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उपचुनावों में जिस तरह से प्रदेश की जनता ने बीजेपी को नकारा थाए उसी तरह विधानसभा चुनावों (VidhanSabha Election) में भी प्रदेश की जनता कांग्रेस को अपना समर्थन देगी।
यह भी पढ़ें:Big Breaking: प्रतिभा सिंह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, सुक्खू को कैंपेन की कमान, चार वर्किंग प्रेजिडेंट भी बनाए
विधानसभा का चुनाव पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र सिंह (Former CM Late Virbhadra Singh) के नाम पर लड़ा जाएगा और कांग्रेस इस चुनाव में जीत हासिल कर दोबारा सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी (BJP) डबल इंजन सरकार की दुहाई देती है, लेकिन डबल इंजन की सरकार प्रदेश को महंगाई के अलावा और कुछ नहीं दे पाई है। इसी का नतीजा है कि प्रदेश की जनता ने उपचुनावों में इस सरकार को पूरी तरह से नकार दिया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि आने वाले नगर निगम शिमला के चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनावों में भी जनता प्रदेश के नेता वीरभद्र सिंह के कार्यों को याद करते हुए फिर से कांग्रेस का साथ देगी। प्रतिभा सिंह ने कहा हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए काफी कम समय बचा है। पार्टी के हर कार्यकर्ता को आक्रामक रुख के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। वहीं, सांसद प्रतिभा सिंह ने अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी का आभार जताया और प्रदेश में एकजुट होकर चुनाव लड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने जो उनपर विश्वास जताया है उस पर भी खरे उतरने की कोशिश करेंगे और प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं को एक साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
संगठन में बदलावा पर कही बड़ी बात
संगठन में बदलाव को लेकर पूछे सवाल पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और संगठन में बदलाव की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा फिर भी पार्टी सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार.विमर्श करेगी और यदि कोई संभावना होगी तो उस पर निर्णय लिया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page