-
Advertisement
प्रतिभा सिंह का मंडी सीट से चुनाव लड़ने से इनकार, कहा- मैंने अपना नाम वापस ले लिया
Last Updated on March 20, 2024 by Himachal Abhi Abhi
शिमला। हिमाचल कांग्रेस में मची उथलपुथल के बीच हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Himachal Congress President Pratibha Singh) ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। प्रतिभा ने कहा है कि वो इस बार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) नहीं लड़ेगी। दिल्ली से वापस शिमला पहुंची प्रतिभा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पार्टी हाईकमान (party high command) से बातचीत करने के बाद उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया है।
मंडी संसदीय क्षेत्र का कार्यकर्ता निराश
चुनाव ना लड़ने के पीछे प्रतिभा का तर्क यह है कि उनके संसदीय क्षेत्र का कार्यकर्ता निराश है और उन्होंने बार- बार कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की बात कही थी लेकिन ऐसा समय पर नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि हम लोग कार्यकर्ताओं ( Party workers)के बल पर ही चुनावी मैदान में उतरते हैं ,उन्हीं के दम पर जीत भी हासिल करते हैं ऐसे में अगर कार्यकर्ता ही निराश है तो कैसे जीत हासिल होगी। उन्होंने विस्तृत रूप से पूरे संसदीय क्षेत्र का दौरा किया है। आज कोई ऐसा कार्यकर्ता नहीं दिख रहा जो पार्टी के लिए काम करने को तैयार हो। इसके अलावा प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में इस वक्त पार्टी की स्थिति मजबूत नहीं है। केवल एमपी फंड बांटने से चुनाव नहीं जीता जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी हाई कमान को प्रदेश नेतृत्व की ओर से नाम प्रस्तावित कर दिए गए हैं। अब प्रदेश लोकसभा चुनाव के लिए नाम तय करना पार्टी आला कमान के हाथ में है।
सूची शॉर्ट लिस्ट करने के बाद पार्टी आला कमान को दी
वहीं दिल्ली दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि दिल्ली में CEC की बैठक हुई। इसमें प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में केंद्रीय पार्टी नेतृत्व के साथ हिमाचल के सीएम, डिप्टी सीएम और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश नेतृत्व की ओर से संभावित उम्मीदवारों की सूची शॉर्ट लिस्ट करने के बाद पार्टी आला कमान को दे दी गई है। अब पार्टी हाई कमान फाइनल नाम तय करेगा। उन्होंने कहा कि सीएम ने कहा कि प्रदेश में चुनाव आखिरी चरण में है। ऐसे में उन्हें थोड़ा और वक्त दिया जाना चाहिए। पार्टी हाई कमान तमाम सर्वे और विचार विमर्श के बाद प्रदेश की चार लोकसभा सीटों पर नाम तय करेगा।
उप चुनाव भी जरूरी, मंडी तक सीमित नहीं रहना चाहती
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमारे लिए लोकसभा के साथ साथ उप चुनाव (By-election) भी जरूरी है। वह मंडी तक सीमित नहीं रहना चाहती। इसलिए वह चुनाव नहीं लड़कर पूरे प्रदेश में जाएगी। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाउंगी। सरकार को बचाने व बहुमत साबित करने के लिए उप चुनाव जीतना होगा। हम मेहनत कर रहे हैं। फील्ड में हम लोग है। सभी कार्यकर्ताओं को भी आभास हो चुका है कि हमें चुनाव का सामना करना पड़ेगा।