-
Advertisement

सिद्धू मूसेवाला के घर पहुंचे राहुल गांधी, पिता को गले लगा ढांढस बंधाया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब के मानसा में सिद्धू मूसेवाला के घर गए । इस दौरान उन्होंने उनके परिवार से मुलाकात की और मूसेवाला की हत्या पर दुख जाहिर किया है। राहुल गांधी ने मूसेवाला की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके पिता को गले लगा ढांढस बधाया। राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा बडिंग और प्रताप बाजवा भी मौजूद हैं।
वहीं, आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक का मामला भी सामने आया है। दरअसल, आज गांव मूसा जाते वक्त उनका काफइिला पटियाला में भटक गया। बताया जा रहा है कि काफिले को करीब 20 मिनट तक सही रूट पर पहुंचने के लिए भटकना पड़ा। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मूसेवाला के गांव मूसा पहुंच कर दिवंगत गायक और पार्टी नेता सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला सिंगर होने के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के सदस्य भी थे। उन्होंने इसी साल कांग्रेस के टिकट पर पंजाब में विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में मूसेवाला को जीत नहीं मिली थी। बता दें कि 29 मई को शाम के वक्त सड़क पर सरेआम सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला हत्या मामले में कल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जिसमें से एक पर मूसेवाला की मुखबिरी देने का आरोप है। जबकि, दूसरा हत्या में शामिल बताया गया है।
श्री @RahulGandhi जी ने दिवंगत कांग्रेस नेता व मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला जी के परिजनों के साथ मुलाकात कर उनका दुख साझा किया।
कांग्रेस परिवार दुख की इस घड़ी में परिजनों के साथ है। pic.twitter.com/tvl4aGlKcJ
— Congress (@INCIndia) June 7, 2022
सोमवार को पंजाब पुलिस ने संदीप उर्फ केकड़ा को गिरफ्तार किया था। केकड़ा सिरसा के कालांवाली का रहने वाला है। आरोप है कि मूसेवाला की हत्या से पहले केकड़ा मूसा गांव में था। मूसेवाले के घर से निकलने से पहले की सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रही है। जिसमें कुछ लोग मूसेवाला की गाड़ी के इर्द गिर्द नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इन लोगों में केकड़ा भी शामिल था। बताया जा रहा है कि केकड़ा ने सिद्धू मूसेवाला के साथ अपने फोन में सेल्फी भी ली थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी केकड़ा ने ही शूटरों को मूसेवाला के बारे में जानकारी दी थी। उसने ही बताया था कि वे थार लेकर निकल रहा है और उसके साथ कोई बॉडीगार्ड नहीं है।