-
Advertisement
हिमाचल: ऑनरेरी कैप्टन की पत्नी की संदिग्ध मौत, पति पर लगाए थे प्रताड़ना के आरोप
मंडी। हिमाचल में चार दिन पहले पति के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज करवाने वाली महिला का शव पेड़ से लटका मिला है। मृतक महिला का पति सेना से सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन (Retired Honorary Captain) है। मामला हिमाचल के मंडी जिला के पधर उपमंडल के द्रंग की पाली पंचायत के मसेरन गांव का है। बताया जा रहा है कि महिला कुछ वर्षों से गौशाला में रहकर अपना जीवन काट रही थी। पुलिस को महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें महिला ने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले को आत्महत्या (Suicide) और हत्या (Murder) दोनों की एंगल से देख रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: छेड़खानी की घटना को लेकर दलित शोषण मंच उग्र, शिलाई पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार द्रंग के मसेरन गांव की 50 वर्षीय शीतला देवी ने पति और परिवार के अन्य सदस्यों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इस बारे में पधर पुलिस ने मृतक महिला के भाई प्रकाश चंद की शिकायत (Complaint) पर मामला दर्ज कर मृतक महिला के पतिए जेठ,जेठानी और ननद को हिरासत में ले लिया है। महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमे परिवार पर आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में पुलिस अब हैंड राइटिंग का मिलान कर तफ्तीश करेगी। सुसाइड नोट (Suicide note) महिला द्वारा खुद लिखा गया है या कोई रहस्य है। इस बात को खंगाला जाएगा।

5 साल से गौशाला में रह कर काट रही थी जीवन
इस घटना से शनिवार को पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल छाया रहा। मृतक महिला की भाभी उर्मिला देवी ने बताया कि उसकी ननद (मृतका) के साथ उसके परिवार के लोगों के द्वारा सही व्यवहार नहीं किया जाता था। उसे घर से निकाल दिया गया था और वो पास की गौशाला में बीते 4-5 वर्षों से अपना जीवन यापन बड़ी कठिनाई में करने को मजबूर थी। उन्होंने जब उससे बात कि तो वह बताती थी कि उसके घर वाले उसे जादू टोना करने वाली कहकर दुत्कार देते थे। उर्मिला ने बताया कि मृतका ने उसे परिवार के लोगों के द्वारा जान के खतरे के बारे में भी कहा था।
आत्महत्या और हत्या के बीच उलझी पुलिस
वहीं, मामले को लेकर फोरेंसिक टीम (Forensic Team) भी घटनास्थल पर मौके के लिए पहुंची। महिला ने आत्महत्या की है या मामला हत्या का है। इसके लिए एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं महिला के शव का पोस्टमार्टम कर मायका पक्ष को सौंपा गया है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि मृतक महिला का शव पेड़ पर लटका पाया गया। मृतका ने बीते पांच अक्टूबर को पुलिस थाना में पति के खिलाफ 498 का पर्चा भरा था। इससे पहले मृतका पंचायत में भी घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवा चुकी थी। जिसकी जांच सीडीपीओ (CDPO) कुन्नू द्वारा की जा रही थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और मामले में छानबीन जारी है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

