-
Advertisement
अब हमारी बारी है…. भारत आएंगे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, पीएम मोदी का न्योता किया स्वीकार
Putin India Visit: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ( Russian President Vladimir Putin) जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। युद्ध के बाद उनका ये पहला भारत दौरा होगा। पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi)ने पिछले साल रूस यात्रा के दौरान पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया था, जिसे पुतिन ने अब स्वीकार कर लिया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की और कहा कि पुतिन के भारत दौरे की तैयारियां चल रही हैं, हालांकि उन्होंने यात्रा की तारीख का खुलासा नहीं किया।
दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों का संकेत
लावरोव ने कहा राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी से मिले निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। अब यह हमारी बारी है। यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि भारत और रूस के रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल के बाद पहली बार विदेश यात्रा में रूस का दौरा किया था। अब, पुतिन का भारत आना दोनों देशों के बीच और भी मजबूत रिश्तों का संकेत है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी 9 मई को मॉस्को के रेड स्क्वायर पर ग्रेट पैट्रियॉटिक वॉर (Great Patriotic War)में विजय की 80वीं वर्षगांठ मनाने के लिए आयोजित परेड के लिए रूस का दौरा कर सकते हैं।
यूक्रेन युद्ध पर हमेशा तटस्थ रुख अपनाया भारत ने
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने इससे पहले 06 दिसंबर 2021 में भारत की यात्रा की थी। उस वक्त वह केवल 4 घंटे के लिए भारत आए थे और इसी दौरान भारत-रूस के बीच 28 समझौते पर दस्तखत हुए थे। इस यात्रा के दौरान पुतिन और मोदी दोनों के बीच यूक्रेन युद्ध, अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद हुए वैश्विक बदलावों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत ने यूक्रेन युद्ध पर हमेशा तटस्थ रुख अपनाया है।
पंकज शर्मा
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…
